नोडल पदाधिकारी ने किया कुटुंबा प्रखंड अंतर्गत मध्य विद्यालय का निरीक्षण
औरंगाबाद। जिला प्रशासन व शिक्षा विभाग औरंगाबाद द्वारा ज़िले में आदर्श तम शैक्षणिक वातावरण निर्माण, गुणवत्तापूर्ण शिक्षा तथा विद्यालयों में भौतिक संसाधनों की उपलब्धता एवं अन्य उद्देश्यों से विद्यालयों के निरीक्षण अभियान जारी हैं। इस संबध में शिक्षा विभाग के नोडल पदाधिकारी आलोक कुमार ने बताया कि कुटुंबा प्रखंड के कस्तूरबा गांधी बालिका मध्य विद्यालय का निरीक्षण किया गया। जहां विद्यालय की आधारभूत संरचना, पुस्तकालय के साथ अन्य जांच की गयी। इस जांच में विद्यालय प्रधानाध्यापक, मास्टर ट्रेनर एवं शिक्षक भी शामिल रहें।
उन्होंने बताया कि जिलाधिकारी सौरभ जोरवाल के निर्देशानुसार शिक्षा से जुड़े पदाधिकारियों की दल द्वारा विभिन्न विद्यालयों का निरीक्षण कार्य किये जा रहे हैं। निरीक्षण प्रतिवेदन को समर्पित करने के बाद गुणवत्तापूर्ण शिक्षा तथा विद्यालयों में आधारभूत संरचना की उपलब्धता सुनिश्चित करने हेतु आवश्यक कार्रवाई भी की जाएगी।
उन्होंने बताया कि आकांक्षी जिला कार्यक्रम के अंतर्गत नीति आयोग भारत सरकार द्वारा प्राप्त निर्देश के आलोक में जिला प्रशासन द्वारा शैक्षिक वातावरण निर्माण हेतु विभिन्न गतिविधियां भी आयोजित की जा रही है। कार्यक्रम समन्वयक डॉ निरंजय कुमार ने बताया कि जिलाधिकारी एवं नोडल पदाधिकारी के निर्देशानुसार समिति के सभी मनोनीत सदस्य अपने आवंटित कार्यों एवं दिशा निर्देशों का शत प्रतिशत अनुपालन कर रहे हैं तथा गुणवत्तापूर्ण शिक्षा एवं स्मार्ट लर्निंग सेंटर निर्माण हेतु अपना अपना प्रतिवेदन प्रस्ताव अनुशंसा के साथ समर्पित कर रहे हैं।