
औरंगाबाद। सदर प्रखंड स्थित ग्राम पंचायत जम्होर में नवनिर्वाचित मुखिया अलावती देवी के आवास पर आजादी की 75 वीं वर्षगांठ अमृत महोत्सव धूमधाम से मनाया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता प्रखंड कांग्रेस कमिटी औरंगाबाद के अध्यक्ष प्रदीप सिंह ने किया। सर्वप्रथम भारत माता के चित्र एवं अन्य महापुरुषों के तस्वीरों पर पुष्पांजलि अर्पित की गई। मोमबत्ती जलाकर आजादी की लड़ाई में शहीद हुए स्वतंत्रता सेनानियों को श्रद्धांजलि दी गई। तत्पश्चात, ‘आजादी के 75 साल सारा देश हुआ खुशहाल’ विषय पर विचार गोष्ठी का आयोजन किया गया। विषय प्रवेश साहित्य संवाद के सचिव सुरेश विद्यार्थी ने किया। इस दौरान कहा कि वर्तमान परिदृश्य में हमारा देश पूरे विश्व में सभी क्षेत्रों में अग्रिम पंक्ति में शामिल है। अन्य वक्ताओं ने कहा कि आजादी की लड़ाई में जिन सेनानियों ने अपनी कुर्बानी दी थी। उनके बदौलत ही आज हम खुशहाली के शिखर पर पहुंचे हैं। आज पूरा विश्व भारत से शिक्षा ले रहा है। हम एक बार पुनः विश्व गुरु बनने के करीब हैं। लोगों ने यह भी कहा कि आज भारतवर्ष हर क्षेत्र में सफलता के शिखर पर पहुंच चुका है पूरी दुनिया की निगाहें भारत की ओर टकटकी लगाए बैठी हैं। कार्यक्रम में अमृत महोत्सव के अवसर पर नवनिर्वाचित मुखिया प्रतिनिधि प्रदीप कुमार सिंह को पुष्पगुच्छ एवं अंग वस्त्र देकर लोगों ने सम्मानित किया। आज के अमृत महोत्सव में सुजीत कुमार सिंह, राणा सुनील सिंह, पवन कुमार सिंह, विनोद कुमार सिंह,धर्मेंद्र कुमार, गणेश राम, मनीष यादव, राजू प्रसाद गुप्ता, वार्ड सदस्य संजीव कुमार सिंह सहित अन्य उपस्थित थे।