
औरंगाबाद। गुरुवार की देर शाम दाउदनगर के ग्राम पंचायत गोरडिहा के नोनार में संस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्घाटन मुखिया प्रतिनिधि सह राजद किसान प्रकोष्ठ प्रदेश महासचिव नागेंद्र सिंह ने किया। उन्होंने कहा कि सांस्कृतिक कार्यक्रम से भाईचारा कायम होता है। किसी भी अवसर पर सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन बहुत ही सराहनीय है। यह न केवल लोगों का मनोरंजन करता है, बल्कि सामाजिक और सांस्कृतिक रूप से भी कई मायनों में महत्वपूर्ण होता है। इस अवसर पर डॉ. बी. आर. अंबेडकर के जीवन पर आधारित अनुभवी कलाकारों ने शानदार प्रस्तुति दी। इस दौरान उनके संघर्षों, शिक्षा, समानता के प्रति योगदान, संविधान निर्माण में भूमिका, पिछड़े और दलितों के अधिकारों के लिए किए गए कार्य पर प्रस्तुति दी। कलाकारों के एक से बढ़कर एक प्रस्तुतियों ने दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया। यह कार्यक्रम नोनार गांव निवासी देवेन्द्र कुमार रविदास के दादी के श्राद्ध पर आयोजित किया गया।