
डॉ ओमप्रकाश कुमार
दाउदनगर (औरंगाबाद) दाउदनगर प्रखंड में तीन पंचायतों के मुखिया, सरपंच, पंच एवं वार्ड सदस्यों का शपथ ग्रहण कराया गया तथा उप सरपंच एवं उप मुखिया का चुनाव कराया गया. प्रेक्षक के रूप में मौजूद अपर एसडीओ प्रियव्रत रंजन की उपस्थिति में बीडीओ सह प्रखंड निर्वाची पदाधिकारी योगेंद्र पासवान ने नवनिर्वाचित जनप्रतिनिधियों का पहले शपथ ग्रहण कराया। फिर नशा मुक्ति का शपथ दिलाया गया। उसके बाद निर्वाचन की प्रक्रिया शुरू की गयी। महावर पंचायत से उपसरपंच पद का चुनाव लड़ रहे मीना देवी और चंद्रवती देवी को चार-चार वोट मिले। एक मत रद्द हुआ। लॉटरी से चंद्रवती देवी उपसरपंच बनी। अंकोढ़ा पंचायत से मिथिलेश कुमार को चार मत और सुभावती देवी को आठ मत मिले। सुभावती देवी उप सरपंच बनी। तरारी पंचायत से गुड़ी देवी को निर्विरोध उपसरपंच चुन लिया गया। महावर पंचायत से उप मुखिया पद के लिये संजीव कुमार सिंह को चार मत व सुरेंद्र प्रसाद को तीन मत मिले। दो मत रद्द हुये। संजीव कुमार सिंह उप मुखिया बने अंकोढ़ा पंचायत से रंजू देवी को सात वोट व संजीव कुमार को चार वोट मिले। रंजू देवी उप मुखिया बनी। तरारी पंचायत से अजय कुमार सिंह को आठ व अंजू देवी को सात मत मिले। अजय कुमार सिंह उप मुखिया बने।