
– मिथिलेश कुमार –
मगध हेडलाइन्स: औरंगाबाद। एक महिला के साथ बर्बरता पूर्वक मारपीट करने के आरोपी कुटुंबा प्रखंड के पिपरा बगाही पंचायत के मुखिया मोहम्मद तौहिद आलम के गिरफ्तारी की मांग लेकर पंचायत की जनता ने सोमवार को जन आक्रोश मार्च निकाला और मुखिया का पुतला दहन किया। इस दौरान आक्रोशित लोगों ने हाथों में तख्ती लेकर मुखिया के विरुद्ध जमकर नारेबाजी की। विदित हो कि पीड़िता सिंधु देवी पिपरा बगाही पंचायत के फुलवरिया गांव की रहने वाली है। वह बीते 14 जून को मोरअली गांव में माई बहिन सम्मान योजना का रजिस्ट्रेशन कर रही थी, इसी क्रम में मुखिया अपने कुछ दोस्तों के साथ वहां पहुंचा और महिला के साथ अभद्र व्यवहार व छेड़खानी तथा मारपीट की। इस घटना में महिला को काफी चोट आई थी। सूचना मिलने पर घटना स्थल पर पहुंची डायल 112 नंबर की पुलिस ने घायल सिंधु देवी को कुटुंबा रेफरल अस्पताल में इलाज के लिए भर्ती कराया था। जहां प्राथमिक उपचार करने के बाद उसे बेहतर इलाज के लिए सदर अस्पताल औरंगाबाद रेफर कर दिया गया था। पीड़िता ने कुटुंबा थाना में आवेदन देकर न्याय की मांग की थी। मामले के सत्यापन के बाद रविवार को मुखिया के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज की गई थी। प्राथमिकी दर्ज होने के बाद घटना से आक्रोशित लोगों ने मुखिया की अविलंब गिरफ्तारी के लिए जन आक्रोश मार्च निकाला और फुलवरिया गांव के समीप चौराहे पर मुखिया तौहिद आलम का पुतला फूंका। महिला के साथ मारपीट किए जाने से जनता में काफी आक्रोश है। आक्रोश मार्च में शामिल लोगों ने मुखिया को अविलंब गिरफ्तार करने और पीड़िता को न्याय न मिलने पर थाना का घेराव और जन आंदोलन करने की बात कही।