मगध हेडलाइंस: औरंगाबाद। शहर के सब्जी मंडी के समीप आवारा पशुओं को गौ ज्ञान गौशाला गया ले जाने के क्रम में नगर परिषद के कर्मियों एवं गौ ज्ञान गौशाला के कार्यकर्ताओं पर शनिवार की रात्रि लगभग 50 की संख्या में रहे असमाजिक तत्वों ने जानलेवा हमला बोल दिया। लगभग आधे घंटे तक चले इस घटना क्रम में आठ लोग घायल हो गए जिनका इलाज सदर अस्पताल औरंगाबाद में चल रहा है। इस हमले के बाद असमाजिक तत्व सभी आवारा पशुओं को छुड़ाकर फरार हो गए।
घटना के बाद नगर थाना की पुलिस घायल कर्मियों एवं सामाजिक कार्यकर्ताओं के बयान पर असमाजिक तत्वों की खोजबीन शुरू कर दी हैं। हमले के बाद सब्जी मंडी के पास जगह – जगह पर पुलिस कैंप कर रही है। घायलों की पहचान नगर परिषद के जेई सुनील कुमार यादव, सफाई सुपरवाइजर दीपक कुमार चंद्रवंशी, पन्ना कुमार, पार्क प्रबंधक दिलीप प्रसाद, मदरसा रोड निवासी व सामाजिक कार्यकर्ता राजू कुमार गुप्ता के साथ – साथ तीन और सफाईकर्मी शामिल हैं।
सदर अस्पताल में इलाज के दौरान गौ ज्ञान फाउंडेशन गया के संचालक विभांशु मिश्र रौशन ने बताया कि नगर परिषद क्षेत्र के रमेश चौक से लेकर शहर के सब्जी मंडी तक के आवारा पशुओं को गया गोशाला ले जाने के लिए पिकअप वैन पर उन्हें लादा जा रहा था। इसी क्रम में कुरैशी मोहल्ला के लगभग 50 की संख्या में रहे असामाजिक तत्वों ने अचानक हमला बोल दिया जिसमें सभी लोग घायल हो गए और वाहन को भी क्षतिग्रस्त कर दिया। इसके बाद असामाजिक तत्व आवारा पशुओं को लेकर फरार हो गए।
इस घटना की सूचना पर सदर अनुमंडल पदाधिकारी विजयंत, एएसपी सह सदर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी स्वीटी सहरावत दल बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे और जायजा लिया। वहीं इसके बाद से सदर अस्पताल पहुंचकर घायलों की यथा स्थिति का जायजा लिया। वहीं मौके पर तनाव की स्थिति को देखते हुए बड़ी संख्या में सुरक्षाबलों की तैनाती की गई।
इधर घटना की जानकारी पर नगर परिषद अध्यक्ष उदय कुमार गुप्ता, उपाध्यक्ष मो. एहसान, रेडक्रॉस चेयरमैन सतीश कुमार सिंह, रेडक्रॉस सचिव दीपक कुमार, लोजपा जिला प्रवक्ता रोहित कुमार सिंह सहित कई सामाजिक कार्यकर्ता सदर अस्पताल पहुंचे और घटना की कड़ी निंदा की तथा इस मामले में शामिल लोगों की पहचान कर कड़ी कार्रवाई की मांग की हैं।