औरंगाबाद। सांसद खेल महोत्सव के अंतर्गत आगामी 15 जनवरी से जिला मुख्यालय स्थित गेट स्कूल के मैदान में जिले के खिलाड़ियों का महाकुंभ आयोजित हो रहा है जिसमें ट्रैक एंड फील्ड की कई प्रतियोगिताओं में खिलाड़ी भाग लेंगे। औरंगाबाद के सांसद सुशील कुमार सिंह के नेतृत्व एवं मार्ग निर्देशन में आयोजित हो रही इस प्रतियोगिता में जिले की खेल प्रतिभाओं को न केवल अवसर प्राप्त होगा बल्कि उन्हें कोचिंग तथा अन्य सुविधाएं भी प्रदान की जाएगी ताकि वह राष्ट्रीय स्तर पर प्रदर्शन कर सकें।
इस सिलसिले में भारतीय जनता पार्टी की एक बैठक सांसद आवास पर आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता करते हुए भाजपा जिलाध्यक्ष मुकेश शर्मा ने बताया कि औरंगाबाद लोकसभा क्षेत्र के लिए 15 जनवरी से सांसद खेल महोत्सव का आयोजन किया जायेगा जो 25 जनवरी तक चलेगा। इसकी शुरुआत 15 जनवरी को औरंगाबाद के गेट स्कूल मैदान में की जाएगी, जिसमें महिला और पुरुष दोनों वर्गों की टीम भाग लेंगी। खेल प्रतियोगिता में जिन खिलाड़ियों को भाग लेना है वो अपना रजिस्ट्रेशन करा सकते हैं।
सांसद सुशील कुमार सिंह ने कहा कि सांसद खेल महोत्सव का मुख्य उद्देश्य है कि जिले के सभी वैसे खेल क्षेत्र के प्रतिभाशाली खिलाड़ियों की प्रतिभा समाज के बीच निखारी जा सके, ताकि खेल क्षेत्र में आगे जाकर राष्ट्र स्तर पर अपना प्रतिनिधित्व कर सकें। ऐसे खेल आयोजनों से खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन होता है।
यहीं खिलाड़ी आगे चलकर देश का मान और सम्मान बनाते हैं। इसका उदाहरण जिले का एक होनहार खिलाड़ी इशांत किशन के रूप में देखा जा सकता है जो एक छोटे से जिले से निकलकर देश स्तर पर भारत का मान और सम्मान बढ़ा रहा है।
भाजपा महामंत्री मुकेश कुमार ने बताया कि सांसद खेल महोत्सव आयोजन को सफल बनाने के लिए के कुछ लोगों को जिम्मेवारी भी सौंपी गई है। इसके लिए कार्यक्रम संयोजक अभिषेक कुमार बासु, सहसंयोजक सौरभ सिंह एवं अक्षय पांडेय, पूरे खेल कार्यक्रम का मीडिया प्रभारी आदित्य श्रीवास्तव को बनाया गया है। कबड्डी से अवधेश कुमार, कुश्ती के खेल से उदय तिवारी, खो- खो खेल से चंदन कुमार एवं लॉन्ग जंप, हाई जंप खेल से रवि शंकर कुमार, खेल एथलेटिक से विनीत कुमार को इन सभी कोच के रूप में चयनित किया गया है।