
औरंगाबाद। अपर समाहर्ता औरंगाबाद आशीष कुमार सिन्हा के अध्यक्षता में सदर अनुमंडल अंतर्गत सात अंचलों का जमाबंदी त्रुटि निराकरण (डिजिटाइज़ जमाबंदी) को सुधार करने हेतु समीक्षा बैठक का आयोजन जिला योजना भवन औरंगाबाद में किया गया। सभी अंचल अधिकारी एवं राजस्व कर्मचारी का बारी बारी हल्का वार डिजिटाइज़ जमाबंदी को सुधार करने हेतु समीक्षा किया गया। समीक्षा के दौरान यह पाया गया कि बारुण अंचल में डिजिटल जमाबंदी त्रुटि निराकरण का कार्य काफी धीमी गति से चल रहा है जिसके लिए अपर समाहर्ता द्वारा रोष प्रकट किया गया। इसके लिए प्रभारी पदाधिकारी राजस्व शाखा को निर्देशित किया गया कि बारुण अंचल के अंचलाधिकारी, राजस्व अधिकारी एवं राजस्व कर्मचारी की समीक्षा अलग से की जाएंगी। बैठक में कुछ राजस्व कर्मचारी द्वारा बताया गया कि उनके द्वारा हल्का का कार्य पूर्ण हो चुका है जिसमें नबीनगर का हल्का संख्या 21, कुटुंबा का हल्का संख्या 8 एवं 14, मदनपुर का हल्का संख्या 1 एवं 19 का कार्य पूर्ण हो चुका है। अपर समाहर्ता द्वारा भूमि सुधार उप समाहर्ता को सभी अंचल का सूक्ष्मता पूर्वक निरीक्षण करने का निर्देश दिया गया। उक्त बैठक में भूमि सुधार उप समाहर्ता सदर अविनाश कुमार सिंह, प्रभारी पदाधिकारी जिला राजस्व शाखा अनिषा भारती, सभी अंचलाधिकारी, राजस्व अधिकारी, राजस्व कर्मचारी एवं डाटा एंट्री ऑपरेटर उपस्थित थे।