
मगध हेडलाइंस: औरंगाबाद। ऐतिहासिक व धार्मिक दृष्टिकोण से अति महत्वपूर्ण स्थल भगवान भास्कर की नगरी देव में शक्ति मिश्रा फाउंडेशन की ओर से तीन दिवसीय भव्य भंडारा का आयोजन किया गया है। इस दौरान बिहार समेत देश के विभिन्न राज्यों से आने वाले क़रीब तीन लाख लोगों को निःशुल्क भोजन करवाने का लक्ष्य रखा गया है जिसका आज पांच कुमारी कन्याओं ने उद्घाटन किया। इस अवसर पर फाउंडेशन के अध्यक्ष समाजसेवी शक्ति मिश्रा ने बताया कि लोक आस्था के महापर्व कार्तिक छठ पूजा को लेकर हर वर्ष की तरह इस वर्ष भी देव आने वाले लोगों के लिए निःशुल्क भोजन की व्यवस्था की गई है। इसके लिए फाउंडेशन के सभी सदस्य पूरी तन्मयता के साथ जुटे हुए हैं और अपने-अपने कर्तव्यों का निर्वहन कर रहे हैं। भविष्य में हमारा प्रयास होगा कि इससे अधिक लोगों को निःशुल्क भोजन उपलब्ध करवाएं ताकि समाजसेवा का एक मिशाल क़ायम कर सकें। उन्होंने बताया कि मनुष्य एक सामाजिक प्राणी है। हमारा समाज एक दूसरे के सहयोग और सेवा पर ही आधारित है। सेवा हमारे जीवन एक महत्वपूर्ण अंग है जिसके बल पर हम अपने जीवन का लक्ष्य प्राप्त कर सकते हैं। मानव मूल्यों की उपयोगिता निस्वार्थ सेवा भाव में संलिप्त है। यही इसका उत्कर्ष है यही परम धर्म है। सामाजिक तंत्र भी इसी से बंधा है। जीवन का परम लक्ष्य भी यही होना चाहिए कि अधिक से अधिक लोगों की सेवा करें। उन्होंने कहा कि हर व्यक्ति का कर्तव्य है कि वह अपनी सामर्थ्य के अनुसार असहाय लोगों की सेवा कर अपना नैतिक धर्म निभाए। इस अवसर पर बड़ी संख्या में लोग मौजूद रहे।







