
मगध हेडलाइंस। आहर में डूबने से दो किशोर की मौत हो गई जिसमें एक किशोर का शव बरामद किया गया है। जबकि दुसरे की खोजबीन की जा रही है। घटना औरंगाबाद ज़िले के फेसर थाना क्षेत्र अंतर्गत दरियापुर गांव की हैं। मृतक किशोर की पहचान सुनिल साव के 12 वर्षीय पुत्र सचिन कुमार एवं श्रवण कुमार केसरी के 14 वर्षीय पुत्र राजधानी कुमार के रूप में की गई है। जानकारी के अनुसार ये दोनों रविवार की शाम गांव के दक्षिण दिशा की ओर आहर में स्नान करने गए थे, जहां डूबने से दोनों की मौत हो गई है। जब बच्चे देर शाम तक घर नहीं पहुंचे तो उनकी खोजबीन की गई। इसी दौरान पता चला कि ये दोनों आहर में स्नान करने गए थे जिसका हाल ही में जेसीबी से खुदाई की गई थी। इधर घटना की जानकारी होने पर परिजन आनन-फानन में आहार पर पहुंचे , जहां काफ़ी खोजबीन के बाद एक किशोर सचिन का शव अब तक बरामद किया गया है, जबकि राजधानी की तलाश की जा रही है। मामले की सूचना पुलिस को दी गई जिसके आलोक में पहुंचे थानाध्यक्ष सुरज कुमार आवश्यक कार्रवाई में जुट गए हैं।






