– रामविनय सिंह –
मगध हेडलाइंस: गोह (औरंगाबाद) गोह थाना क्षेत्र के दुर्गा मंदिर के समीप सोमवार को हुए भूमि विवाद में मारपीट एवं गोलीबारी की घटना में पुलिस कार्रवाई करते हुए दो व्यक्तियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया जिनकी पहचान ओमकार दुबे एवं प्रभु नाथ दुबे के रूप में की गई है।
थानाध्यक्ष कमलेश पासवान ने बताया कि घटनास्थल से गोली का एक खोखा बरामद की गई है।मामले में प्रथम पक्ष के शशिकांत कुमार के द्वारा थाना में आवेदन दी गई है जिसमें आरोप लगाया है की खाता नंबर 41 प्लॉट नंबर 2690 जो कि थाना के पीछे दुर्गा मंदिर के समीप में हैं उस जमीन में कार्य कर रहा था।
उसी समय दिनेश दुबे कई लोग के साथ वहां पहुंचे और गाली गलौज करते हुए गोली मारने की धमकी दी। आरोप है कि ओमकार दुबे द्वारा सौरभ कुमार पर धारदार हथियार से हमला किया गया जिसमें सौरव कुमार जख्मी हो गया। वहीं मुन्ना द्विवेदी पर आरोप लगाया गया है कि ऋषि कुमार शर्मा पर पिस्टल से फायर किया गया साथ ही गोलू कुमार पर आरोप लगाते हुए शिकायत की गई है कि शशिकांत कुमार पर पिस्टल से फायर किया गया। गिरीश दुबे पर आरोप लगाते हुए कहा गया है कि अमन कुमार पर गिरीश दुबे ने तलवार से वार कर जख्मी कर दिया। वहीं प्रभु दुबे के द्वारा लाठी डंडा से पीटकर धीरज कुमार को जख्मी कर देने का आरोप लगाया गया है।
मामले में शशिकांत कुमार के बयान पर कांड दर्ज किया गया है जिसमें दिनेश दुबे, ओंकार दुबे, मुन्ना द्विवेदी, गोलू कुमार, गिरीश कुमार एवं प्रभु नाथ दुबे सहित अज्ञात 10 लोगों पर प्राथमिकी दर्ज की है। वहीं दूसरे पक्ष के प्रभुनाथ दुबे ने आवेदन देकर आरोप लगाया है कि खाता संख्या 41 व प्लॉट संख्या 2690 में 6 डिसमिल जमीन है।
उन्होंने बताया है कि मैं बीते शनिवार को थाना में लगे जनता दरबार में आवेदन देकर विवाद को हल करने की गुहार लगाई थी। जहां सीओ व थानाध्यक्ष द्वारा अगले शनिवार को सुनवाई का समय दिया गया था। किंतु विपक्षी ने 25 से 30 लोगों की संख्या में अवैध रूप से जमीन का कब्जा करने की कोशिश की, इसकी मौखिक सूचना बीते रविवार को प्रशासन को दी गई इस पर प्रशासन ने कार्रवाई करते हुए कार्य को अगले आदेश तक रुकवा दिया था।
लेकिन आरोप है कि बीते 27 फरवरी को अल्हन परासी गांव के शशि शर्मा नगाइन गांव के कुंदन शर्मा व उपहारा के विकास शर्मा के साथ अन्य 25-30 लोग पहुंचे और उस जमीन पर कार्य करने लगे। आरोप है कि कार्य करने से मना करने पर जानलेवा हमला कर दिया गया।आरोप है कि शशि शर्मा के द्वारा गोली चलाया गया जिसमें बाल बाल बच गए।सूचना मिलते ही प्रशासन घटनास्थल पर पहुंची और लोगों को हटाया गया।
वहीं दूसरे पक्ष के प्रभु नाथ दुबे के बयान पर कांड दर्ज किया गया है जिसमें शशि शर्मा, कुंदन शर्मा विकास शर्मा सहित अज्ञात 25 से 30 लोगों को आरोपी बनाया गया है। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए नामजद प्रथम पक्ष के आरोपी ओमकार दुबे एवं प्रभु नाथ दुबे को गिरफ्तार कर मंगलवार को जेल भेज दिया है।