मगध हेडलाइंस: सदर (औरंगाबाद) जिला पदाधिकारी सौरभ जोरवाल के निर्देशानुसार जिला स्तरीय पदाधिकारियों द्वारा औरंगाबाद जिला अंतर्गत धान अधिप्राप्ति/क्रय केंद्रों पर निरीक्षण कर धान की भौतिक स्थिति की जांच की गई। इसी क्रम में वरीय उप समाहर्ता आलोक राय द्वारा कुटुंबा प्रखंड अंतर्गत धान अधिप्राप्ति केंद्र का स्थलीय निरीक्षण किया गया। राज्य कर आयुक्त, नरेश कुमार द्वारा देव प्रखंड अंतर्गत धान अधिप्राप्ति केंद्र पर धान की भौतिक स्थिति की जांच की गई। जिला योजना पदाधिकारी राजीव रंजन कुमार द्वारा हसपुरा प्रखंड अंतर्गत धान अधिप्राप्ति केंद्र की जांच की गई। कार्यपालक अभियंता स्थानीय क्षेत्र अभियंत्रण संगठन, कमरे आलम द्वारा बारुण प्रखंड अंतर्गत धान अधिप्राप्ति केंद्र का निरीक्षण किया गया।
इस दौरान इन सभी पदाधिकारियों द्वारा पैक्स गोदाम में धान की भौतिक स्थिति, क्रय पंजी, स्टॉक पंजी, पावती रसीद इत्यादि की गहनता पूर्वक जांच की गई। जिला सहकारिता पदाधिकारी, औरंगाबाद को जांच दलों से प्राप्त रिपोर्ट को संकलित कर जिला पदाधिकारी के समक्ष समीक्षा हेतु संचिका में उपस्थापित करने का निर्देश दिया गया है जिससे अग्रेतर कार्रवाई की जा सके। बताया गया कि अगली सोमवारी बैठक में इसकी समीक्षा भी की जाएगी। अंतिम दो दिन में भी धान का लगातार भौतिक सत्यापन किया जाएगा।
विदित है कि धान अधिप्राप्ति की अंतिम तिथि 15 फरवरी है। पूरे बिहार के साथ औरंगाबाद में भी लक्ष्य की 90% खरीददारी हो चुकी है। बिहार के सभी जिलों को विभागीय निर्देश प्राप्त है कि लक्ष्य से अधिक खरीददारी नहीं की जा सकती है। बिहार का कुल लक्ष्य 45 लाख मेट्रिक टन है। जिसमे औरंगाबाद का लक्ष्य 2 लाख 40 हजार मेट्रिक टन है। पिछले वर्ष इस समय तक 1 लाख 50 हजार मेट्रिक टन धान का क्रय किया गया था तथा कुल अधिप्राप्ति 2 लाख 5 हजार मेट्रिक टन थी। इस वर्ष अभी तक 2 लाख 16 हजार मेट्रिक टन धान का क्रय हो चुका है।