
मगध हेडलाइंस: औरंगाबाद। ऐतिहासिक व धार्मिक दृष्टिकोण से अति महत्वपूर्ण स्थल भगवान भास्कर की नगरी देव में शक्ति मिश्रा फाउंडेशन की ओर से हर साल की भाती इस बार भी तीन दिवसीय भव्य भंडारा का आयोजन किया गया है। इस दौरान बिहार समेत देश के विभिन्न राज्यों से आने वाले करीब तीन लाख लोगों को निःशुल्क भोजन करवाने का लक्ष्य रखा गया है जिसका आज पांच कुमारी कन्याओं ने फीता काट कर उद्घाटन किया और छठी मैया के जय घोष के साथ भंडारा का शुरूआत किया गया। विदित हो कि शहर से लेकर गांव तक लोगों की मदद के लिए संस्था की ओर से एक प्रतिनियुक्त किया गया हैं जिसे सूचना मिलते ही टीम के सदस्य जरूरतमंदों को मदद करते हैं। इसके अलावा सामूहिक विवाह आयोजन, प्रतिभाओं का सम्मान सहित अन्य सामाजिक सरोकार से जुड़े कार्यों में आगे बढ़कर संस्था अपना कार्य कर रही है। इस अवसर पर फाउंडेशन के अध्यक्ष समाजसेवी शक्ति मिश्रा ने बताया कि लोक आस्था के महापर्व चैती छठ पूजा को लेकर हर वर्ष की तरह इस वर्ष भी देव आने वाले लोगों के लिए निःशुल्क भोजन की व्यवस्था की गई है। इसके लिए फाउंडेशन के सभी सदस्य पूरी तन्मयता के साथ जुटे हुए हैं और अपने-अपने कर्तव्यों का निर्वहन कर रहे हैं। भविष्य में हमारा प्रयास होगा कि इससे अधिक लोगों को निःशुल्क भोजन उपलब्ध करवाएं ताकि समाजसेवा का एक मिशाल कायम कर सकें। उन्होंने बताया कि मनुष्य एक सामाजिक प्राणी है। हमारा समाज एक दूसरे के सहयोग और सेवा पर ही आधारित है। सेवा हमारे जीवन एक महत्वपूर्ण अंग है जिसके बल पर हम अपने जीवन का लक्ष्य प्राप्त कर सकते हैं। सबों के प्रति समर्पित रहने को सेवा भाव कहा जाता है। मानव मूल्यों की उपयोगिता निःस्वार्थ सेवा भाव में संलिप्त है। उन्होंने बताया कि यही इसका उत्कर्ष है यही परम धर्म है। सामाजिक तंत्र भी इसी से बंधा है। जीवन का परम लक्ष्य भी यही होना चाहिए। ऐसे में हर व्यक्ति का कर्तव्य है कि वह अपनी सामर्थ के अनुसार असहाय लोगों की सेवा कर अपना नैतिक धर्म निभाए। इस अवसर पर बड़ी संख्या में लोग के साथ शक्ति मिश्रा फाउंडेशन के कार्यकर्ता मौजूद रहे ।






