
दाउदनगर (औरंगाबाद) दाउदनगर प्रखंड कार्यालय सभागार में नवनिर्वाचित वार्ड सदस्यों एवं पंचों का शपथ ग्रहण ग्रहण कराया गया। साथ ही उपसरपंच और उप मुखिया का चुनाव भी कराया गया। दाउदनगर प्रखंड के शमशेर नगर, अरई एवं चौरी पंचायतों के मुखिया, सरपंच, वार्ड सदस्यों एवं पंचों का शपथ ग्रहण कराया गया। पर्यवेक्षक के रूप में मौजूद अपर एसडीओ प्रियव्रत रंजन की उपस्थिति में नवनिर्वाचित सरपंच, पंच एवं मुखिया एवं वार्ड सदस्यों ने पद एवं गोपनीयता की शपथ ली। बीडीओ सह प्रखंड निर्वाची पदाधिकारी योगेंद्र पासवान ने पहले पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलायी। उसके बाद नशामुक्ति, आजीवन शराब का सेवन नहीं करने एवं शराबबंदी को लागू करने के लिये विधि सम्मत कार्रवाई करने का शपथ दिलाया। इससे पहले कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच प्रखंड कार्यालय सभागार में शपथ ग्रहण की शुरुआत हुई। शमशेर नगर पंचायत से रंजू देवी ने 11 मत लाकर सुकांति देवी (छह मत) को हराया और उपसरपंच बनी। पांच मत रद्द घोषित किये गये।अरई पंचायत में चितरंजन शर्मा निर्विरोध उपसरपंच निर्वाचित हुये यहां से दो नामांकन हुये थे। आशा देवी का नामांकन प्रस्तावक का हस्ताक्षर नहीं होने के कारण रद्द कर दिया गया। चौरी पंचायत से संजू देवी निर्विरोध उप सरपंच निर्वाचित हुईं। शमशेर नगर में उप मुखिया पद के लिये तीन प्रत्याशियों ने नामांकन किया, जिसमें सरिता देवी का नामांकन रद्द हो गया। शेष बचे दो प्रत्याशियों में से रवि रंजन कुमार ने 11 मत लाकर प्रिंस पाठक (आठ मत) को हराया और उप मुखिया निर्वाचित हुये। तीन मत रद्द घोषित किये गये। अरई पंचायत में राजू कुमार(आठ मत) ने अंजू देवी (पांच मत) को हराया और उप मुखिया निर्वाचित हुये। चौरी पंचायत से रंजन कुमार निर्विरोध उप मुखिया निर्वाचित हुये। सभी निर्वाचित उपसरपंच एवं उप मुखिया को प्रखंड विकास पदाधिकारी सह प्रखंड निर्वाची पदाधिकारी योगेंद्र पासवान ने पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलायी।