– संजीव कुमार –
मगध हेडलाइंस: मदनपुर ( औरंगाबाद ) : झाड़-फूंक के चक्कर में एक युवक की मौत हो गई। यह मामला मदनपुर प्रखंड अंतर्गत महुआवां पंचायत के भैयाराम बिगहा गांव की हैं। जहां सर्पदंश से एक 35 वर्षीय युवक की मौत हो गयी है। मृतक उसी गांव निवासी रामावतार भुइयां के 35 वर्षीय पुत्र अनिल भुइयां बताया जा रहा है।मिली जानकारी के अनुसार बुधवार की रात वह अपने घर में फर्श पर सोया हुआ था। इसी क्रम में मध्य रात्रि एक सांप ने उसके कान में डंस लिया। इसके बाद उसने घर वालों को सांप डंसने की जानकारी दी। इसके बाद सांप को लोगों ने मारकर एक डिब्बा मे बंद कर दिया। वहीं आनन-फानन में परिजनों ने युवक को सीएचसी मदनपुर में भर्ती कराया। जहां से बेहतर इलाज के लिए सदर अस्पताल रेफर कर दिया गया। वहां से भी चिकित्सकों ने मगध मेडिकल कॉलेज गया रेफर कर दिया गया। इसके बाद परिजन मेडिकल कॉलेज ना ले जाकर झाड़ – फूंक में लग गये। इसी क्रम में गुरुवार को उसकी मौत हो गई। घटना के बाद से परिजनों का रो – रोकर बुरा हाल है। पत्नी ज्योति देवी दहाड़े मारकर रो रही है। मृतक अपने पीछे एक पुत्र छोड़ गया है, घटना के बाद गांव में मातम पसरा हुआ है।