
मगध हेडलाइंस: औरंगाबाद। घर में चोरी व लुट की घटनाओं को अंजाम देने वाले एक गिरोह का जम्होर पुलिस द्वारा उद्भेदन किया गया हैं और तीन शातिर चोरों को गिरफ्तार किया गया हैं। पकड़े गए आरोपियों की पहचान दाउदनगर थाना क्षेत्र के बेलाढी गांव निवासी दिलीप राम के 26 वर्षीय पुत्र धर्मवीर कुमार उर्फ चिंटू राम, भुवनेश्वर राम के 19 वर्षीय पुत्र मुन्ना कुमार एवं अशोक कुमार सिंह के 26 वर्षीय पुत्र उदित कुमार के रूप में की गई हैं। इनके पास से चोरी के चांदी की दो पायल एवं सोने की सात जितिया बरामद की गई है। समाहरणालय स्थित प्रेस वार्ता के दौरान आज पुलिस उपाधीक्षक मनोज कुमार ने बताया कि पुलिस अधीक्षक अम्बरीश राहुल द्वारा औरंगाबाद जिले को अपराध मुक्त बनाने एवं अपराध कर्मियों पर नकेल कसने हेतु हत्या, हत्या का प्रयास, चोरी, लूट, डकैती जैसे गंभीर अपराध के कांडों में वांछित अपराधकर्मी की गिरफ्तारी के लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इस अभियान के तहत बीते 8 अप्रैल 2025 को जम्होर थाना क्षेत्र के करमा गांव में कुछ अज्ञात अपराधियों द्वारा एक घर में घुसकर 60 हजार रूपये नगद, सोना-चांदी एवं अन्य मूल्यवान वस्तु, जिसकी कीमत लगभग 1 लाख 10 हजार रूपये थी, उसे चोरी कर ली गई थी। इसके बाद गृह स्वामी द्वारा अज्ञात चोरों के खिलाफ एक प्राथमिकी दर्ज की गई जिसमें पुलिस अधीक्षक अम्बरीश राहुल के निर्देश पर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी संजय कुमार पांडेय के नेतृत्व में एक विशेष टीम का गठन किया गया। गठित टीम द्वारा आसपास में लगे सीसीटीवी फुटेज, तकनीकी विश्लेषण एवं आसूचना संकलन के आधार पर कांड का सफल उद्भेदन करते हुए मुन्ना कुमार को गिरफ्तार किया गया। मुन्ना के स्वीकारोक्ति बयान के आधार पर धर्मवीर कुमार उर्फ चिंटू को बेलाढी गांव से गिरफ्तार किया गया। वहीं चोरी गए आभूषण को बेलाढी गांव से ही उदित कुमार के घर से बरामद किया गया। इसके बाद मामले में उदित कुमार को भी गिरफ्तार किया गया। पूछताछ में तीनों अभियुक्तों ने बताया कि पूर्व में भी उन लोगों द्वारा चोरी एवं गृह भेदन की कई घटना को अंजाम दिया गया है। चोरी करने के बाद वे लोग आपस में नगद रूपये को बांट लिया करते थे। पुलिस उपाधीक्षक ने बताया कि गिरफ्तार अभियुक्त धर्मवीर उर्फ चिंटू का पूर्व में भी आपराधिक इतिहास रहा है, जो आदतन अपराधी है। इसपर दाउदनगर थाना में कई कांड दर्ज है। फ़िलहाल , अन्य अभियुक्तों का आपराधिक इतिहास पता लगाया जा रहा है। इस कार्रवाई में थानाध्यक्ष राज किशोर प्रसाद सहित अन्य शस्त्र बल शामिल थे।