– मिथिलेश कुमार –
मगध हेडलाइंस अंबा (औरंगाबाद): डेहरी में हुई छात्रा हत्याकांड में पीड़िता को न्याय दिलाने के लिए गुरुवार की शाम अंबा में कैंडल मार्च निकाला गया। कैंडल मार्च का नेतृत्व दधपा पंचायत की मुखिया खुशबू कुमारी ने किया। इस दौरान सैकड़ों लोगों ने मोमबत्ती लेकर बतरे नदी से अंबा चौक तक पैदल मार्च किया और पीड़िता के न्याय की मांग करते हुए केंद्र सरकार, बिहार सरकार और प्रशासन के खिलाफ़ जमकर नारेबाजी की। कैंडल मार्च की अगुवाई कर रही मुखिया खुशबू कुमारी ने पुलिस के सुस्त रवैए के प्रति नाराजगी जताई। उन्होंने कहा कि घटना को लेकर प्रशासन की कार्यवाही संतोषजनक नहीं है। आए दिन क्षेत्र में महिलाओं के प्रति बढ़ती हिंसा चिंता जनक है। वहीं प्रशासन द्वारा हत्याकांड मामले में लापरवाही बरतने से जनता में आक्रोश है। पीड़िता को न्याय मिलने में जितनी देर होगी लोगों का आक्रोश बढ़ता जाएगा। प्रशासन मामले की गंभीरता को समझते हुए जांच प्रक्रिया में तेजी लाए अन्यथा हम लोग उग्र आंदोलन करने पर मजबूर होंगे। कैंडल मार्च में मुखिया खुशबू कुमारी, मुखिया प्रतिनिधि गौरव कुमार, भीम आर्मी जिला अध्यक्ष करण पासवान, हरेंद्र मेहता, भूपेश मेहता, चंदन मेहता, आलोक पासवान, विकास पासवान, कुंदन मेहता, अमरेश पासवान आदि लोग शामिल थे।