
मगध हेडलाइन : औरंगाबाद। मदनपुर प्रखंड के पिपरौरा पंचायत अंतर्गत उचौली गांव में रविवार की रात विश्वकर्मा विकास मंच के तत्वधान में भव्य संस्कृति कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम का उद्घाटन मुखिया धनंजय यादव ने किया। मुखिया श्री यादव ने कहा कि भगवान विश्वकर्मा सृष्टि के सृजनकर्ता के नाते पूजे जाते हैं। यदि श्रेष्ठ श्रम को साधना और समर्पण वृद्धि की जोड़ मिले तो समाज में निस्संदेह समृद्धि होगी। श्रम ही यज्ञ है तथा साधन और अनुसंधान उसके उपचार हैं। कुशलता इस साधन की उपलब्धि है और इसका आत्मसात करने वालों को ही लक्ष्य की प्राप्ति होती है। इस अवसर पर कलाकारों ने गीत-संगीत के माध्यम से ऐसी समां बांधी कि लोग भक्ति के समंदर में गोते लगाने पर विवश हो गए। इस दौरान तरह-तरह के पारंपरिक गीतों की प्रस्तुति कर उपस्थित सैकड़ो जनमानस को भाव विभोर कर दिया।