मगध हेडलाइंस: सदर (औरंगाबाद) पृथ्वी को बचाने के लिए बच्चों ने अपने मन की कल्पनाओं को कागज़ों पर उकेरा। बच्चों ने पेंटिंग के माध्यम से वर्तमान में पृथ्वी की सुरक्षा और भविष्य की पृथ्वी का सपना संजोया। यह कार्यक्रम अंतर्राष्ट्रीय पृथ्वी दिवस के मौके पर सदर प्रखंड के रघौलिया स्थित माउंट हिल विजन स्कूल में आयोजित किया गया। मौके पर पर्यावरण से जुड़े कई महत्वपूर्ण मुद्दों पर बच्चों ने अपनी प्रतिभा दिखाई। इसके अलावा सैकड़ों छात्रों ने वाद – विवाद, निबंध लेखन, तथा पेंटिग प्रतियोगिता में भाग लिया।
स्कूल के निर्देशक विशाल कुमार सिंह ने कहा कि आज विश्व पृथ्वी दिवस पूरी दुनिया में मनाया जा रहा है। उनके स्कूल में भी आज इस दिन पर बच्चों में जागरूकता फैलाने के लिए कार्यक्रम रखा गया है जिसमें बच्चों ने चित्रकारी के माध्यम से अपनी प्रतिभा को दर्शाया कि आज पृथ्वी को बचाने के लिए क्या करने की जरूरत है। अगर पृथ्वी रहेगी तो इंसान भी रहेगा। उन्होंने कहा कि आज पृथ्वी पर बड़ा संकट आ गया है जिस तरह से धड़ाधड़ हरे पेड़ों की कटाई हो रही है, पर्यावरण का संतुलन बिगड़ता जा रहा है, इससे पृथ्वी को नुकसान पहुंच रहा है। ऐसे में हम सबको आगे आकर आज पृथ्वी को बचाने के लिए ज्यादा से ज्यादा पौधे लगाने चाहिए।
वाइस प्रिंसिपल विजय कुमार सिंह ने कहा कि समय के साथ बच्चों को पृथ्वी की सुरक्षा के प्रति जागरूक करना है ताकि वह अपने आसपास पेड़ों की कटाई से होने वाले नुकसान को अवगत करवा सके। मौके पर प्रीति सिंह, मानसी राज, दयानंद कुमार, अबकरी अख्तर, रौनक परवीन आदि मौजूद रहे।