मगध हेडलाइंस:औरंगाबाद। बिहार सरकार के विज्ञान और प्रौद्योगिकी विभाग द्वारा राजकीय इंजीनियरिंग कॉलेजों में असिस्टेंट प्रो. की भर्ती के लिए गए परीक्षा का परिणाम घोषित कर दिया गया है। यह परिणाम विद्युत अभियंत्रण विषय के लिए घोषित किया गया है। दाउदनगर के आनंद कुमार ने इस परीक्षा परिणाम में बिहार में दूसरा स्थान प्राप्त किया है। यह स्थान आनंद कुमार ने ओबीसी कोटे में प्राप्त किया है। वहीं ऑल मेरिट में 77 वां स्थान प्राप्त किया है।
जिले के दाउदनगर थाना क्षेत्र के बड़का बिगहा गांव निवासी आनंद कुमार, आईएमएस धनबाद (आईआईटी) से एमटेक करने के बाद वर्तमान में राजकीय पॉलिटेक्निक कॉलेज मध्यप्रदेश में कार्यरत हैं। उनके पिताजी कृष्ण कुमार सिंह दाउदनगर स्थित राष्ट्रीय इंटर स्कूल से प्रधानाचार्य के पद से सेवानिवृत्त हुए हैं।
आंनद कुमार ने इस संबध में बताया कि वे वर्तमान में मध्यप्रदेश शासन के पॉलिटेक्निक कॉलेज में व्याख्याता के पद पर कार्यरत हैं। उन्होंने आईएमएस धनबाद से एमटेक किया है। दो साल पहले इस पद के लिए फॉर्म भरा था। ज्ञात हो कि बीपीएससी ने बिहार के इंजीनियरिंग कॉलेजों में खाली पड़े सीटों के लिए सहायक प्रोफेसर की नियुक्ति शुरू कर दिया है। इसी क्रम में विद्युत अभियंत्रण विषय का परिणाम घोषित किया गया है जिसमें ओबीसी वर्ग में आनंद ने दूसरा स्थान प्राप्त किया है। कुल 287 पदों में से 280 का परिणाम घोषित किया गया है। वहीं विकलांग कोटे के 7 पद खाली रह गए हैं।
आनंद की इस सफलता पर गोह विधायक भीम कुमार यादव, नबीनगर विधायक डब्लू सिंह, ओबरा के पूर्व विधायक वीरेंद्र कुमार सिन्हा, जिला परिषद सदस्य अरविंद यादव समेत जिले गणमान्य लोगों और परिजनों ने बधाई प्रेषित की है। आनंद कुमार पहले से ही मध्यप्रदेश सरकार के पॉलिटेक्निक कॉलेज में प्रोफेसर के पद पर कार्यरत हैं। अब वे बिहार सरकार के इंजीनियरिंग कॉलेज में प्रोफेसर के पद पर कार्य करेंगे।