(मिथिलेश कुमार)
मगध हेडलाइंस: अंबा (औरंगाबाद)। मध्य विद्यालय अंबा के प्रधानाध्यापक शंभू राम के सेवानिवृत्त होने पर मंगलवार को विद्यालय परिसर में विदाई सह सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। इस दौरान मुख्य अतिथि के रूप में प्रखंड प्रमुख धर्मेंद्र कुमार, पूर्व विधायक ललन राम, प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी डॉ. यदुवंश प्रसाद यादव, विधायक प्रतिनिधि अजय राम तथा सेवानिवृत्त शिक्षक अजीत कुमार उपस्थित हुए। अतिथियों को फुल माला और अंग वस्त्र देकर सम्मानित किया गया।
प्रखंड प्रमुख धर्मेंद्र कुमार ने सेवानिवृत्त शिक्षक के सुखद भविष्य की मंगल कामना के साथ कहा कि शिक्षक धरती का सबसे नेक कार्य कर रहे हैं। शंभू जी ने अपने कार्यकाल का दो दशक कुटुंबा में बिता कर अपनी कर्मभूमि का ऋण चुकता किया है। अपने लंबे कार्यकाल में ईमानदारी पूर्वक और निर्विवाद सेवा देने के लिए मैं इनको धन्यवाद देता हूं। समाज का कुशल नेतृत्व एवं मार्गदर्शन किया है।
पूर्व विधायक ललन राम ने कहा कि विदाई शब्द बड़ा ही मार्मिक होता है। शिक्षक समाज के भविष्य निर्माता एवं भगवान का रूप होते है। अपने व्यक्तिगत संबंधों का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि हमारी मुलाकात 1989 में हुई थी। उस समय हम लोग समाजिक कार्यकर्ता के रूप में काम कर रहे थे। उसके बाद ये शिक्षक बन गए। अब सेवानिवृत्त होने के बाद हम लोग साथ मिलकर काम करेंगे। उन्होंने शिक्षकों से कहा कि विद्यार्थियों को अपने बच्चे की तरह समझे तभी बच्चे अपनी समस्याओं को खुलकर रखेंगे और उनका विकास होगा। कार्यक्रम में उपस्थित सभी शिक्षकों को फूल मानव अंग वस्त्र देकर सम्मानित किया गया।