– मिथिलेश कुमार –
मगध हेडलाइंस: अंबा (औरंगाबाद)। मध्य विद्यालय कुटुंबा में मंगलवार को विद्यार्थियों की आम सभा आयोजित कर लोकतांत्रिक विधि से बाल संसद का पुनर्गठन किया गया। मतदान प्रक्रिया द्वारा बाल संसद में प्रधानमंत्री के पद पर आकांक्षा कुमारी तथा उप प्रधानमंत्री के पद पर नीरज सिंह निर्वाचित हुए। वहीं शिक्षा मंत्री मनीष सिंह, उप शिक्षा मंत्री रहनुमा सिद्दीकी, स्वच्छता एवं स्वास्थ्य मंत्री माधुरी कुमारी, स्वच्छता एवं स्वास्थ्य उप मंत्री रौशन कुमार, खेल एवं सांस्कृतिक मंत्री सोनम कुमारी, खेल एवं सांस्कृतिक उप मंत्री लक्की कुमार , जल एवं बागवानी मंत्री रितु कुमारी,जल एवं बागवानी उप मंत्री विक्रम राज, पुस्तकालय एवं विज्ञान मंत्री विष्णु कुमार, पुस्तकालय एवं विज्ञान उप मंत्री बिलकिस फातमा, बाल सुरक्षा मंत्री अर्जुन कुमार एवं बाल सुरक्षा उप मंत्री शिवानी कुमारी को बनाया गया।
सभी निर्वाचित मंत्रियों को कर्तव्य निर्वहन एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई गई। बाल संसद का सुगम कर्ता शिक्षक विमल चौहान को नामित किया गया। प्रधानाध्यापक चंद्रशेखर प्रसाद साहु ने बताया कि बच्चों में नेतृत्व कौशल का विकास करने के उद्देश्य से शैक्षिक सत्र 2023- 24 के लिए बाल संसद का पुनर्गठन किया गया है। इससे बच्चों में संगठन का संचालन, कार्य विभाजन, साझेदारी, एकता और मिलजुल कर रहने तथा सामूहिक कार्य करने की भावना का विकास होता है।