औरंगाबाद। जंगल में गई एक वृद्ध महिला पर बंदरों ने उस वक्त अचानक हमला कर दिया जब वह अपनी बकरियों को चराने जंगल गई हुई थी। इस हमले में उसे बंदरों ने गंभीर रूप से जख्मी कर दिया। यह घटना मदनपुर प्रखंड अंतर्गत बथनिया पहाड़ की है। घायल वृद्ध महिला दक्षिणी उमगा पंचायत के मैनपुर निवासी सुदेश भुइयां की 60 वर्षीय पत्नी शांति देवी है।
घटना के बाद घायल महिला को आनन-फानन में परिजनों के द्वारा समुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मदनपुर में भर्ती किया गया। जहां चिकित्सकों के द्वारा महिला का उपचार किया गया। महिला के परिजनों ने बताया कि वह प्रतिदिन गांव से लगभग एक किलोमीटर की दूरी पर स्थित उस जगह पर अपनी बकरियों में चराने जाया करती थी।
इसी सिलसिले में आज चार से पांच बदरों ने उस पर अचानक हमला कर दिया जिसमें वह गंभीर रूप से घायल हो गयी। हालांकि इस दौरान वृद्ध महिला ने किसी तरह भागकर अपनी जान बचाई। जबकि बंदरों ने इस दौरान उसके बाएं हाथ को काटकर लहू लुहान कर दिया। घटना के बाद सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में चिकित्सक डॉ. शान्या श्रुति के द्वारा इलाज किया गया।