औरंगाबाद। अंबा थाना अंतर्गत नेशनल हाईवे -139 पर शिवन बिगहा के समीप सोमवार को तेज रफ्तार ट्रक ने बाइक सवार दो लड़कों को रौंद दिया जिसमें एक कि मौत हो गयी जबकि एक लड़का गंभीर रूप से घायल है। मृतक राहुल कुमार थाना अंतर्गत घेऊरा गांव निवासी सत्येन्द्र यादव के 22 वर्षीय पुत्र था।
जबकि घायल लड़का अमन कुमार सड़सा गांव निवासी किशोरी सिंह के 20 वर्षीय पुत्र है। प्राप्त जानकारी अनुसार दोनों लड़के बाइक पर सवार होकर औरंगाबाद दवा लेने के लिए आ रहे थे। तभी नेशनल हाईवे – 139 पर शिवन बिगहा के समीप पीछे से आ रही तेज रफ्तार एक ट्रक ने दोनों को रौंद दिया जिसमें दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए।
आनन-फानन में स्थानीय नागरिकों के द्वारा दोनों घायलों को सदर अस्पताल औरंगाबाद में भर्ती कराया गया। जहां गंभीर हालत देखते हुए राहुल कुमार को रेफर कर दिया गया। लेकिन अस्पताल परिसर से बाहर निकलने के पहले ही एंबुलेंस में मौत हो गई।
जबकि घायल अमन कुमार सदर अस्पताल औरंगाबाद में ही इलाजरत है। घटना के बाद पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम की कागजी प्रक्रिया पूरी कर शव परिजनों को सौंप दिया। घटना के बाद से परिवार वालों का रो-रोकर बुरा हाल है तो वही गांव में मातम पसरा हुआ है। मृतक के परिजनों ने सरकार से मुआवजे की मांग की है।