औरंगाबाद। सलैया थाना अंतर्गत डिपटी बिगहा के समीप पक्का डैम टोंगरी मे डूबने से 41 वर्षीय एक किसान की मौत हो गयी है। मृतक की पहचान हरी बिगहा गांव निवासी स्व. रामबृक्ष भुइयां के पुत्र कारू भुइयां के रूप में की गयी है। इस घटना से मृतक के परिजनों में कोहराम सा मच गया है।
मृतक की पत्नी शांति देवी और मां दुलरिया कुंवर का रो-रोकर बुरा हाल है। बताया जाता हैं कि मृतक किसान पक्का डैम के ऊपर पहड़तली में अपनी धान की फसल देखने गया था। जब वह देर रात्रि तक वापस अपने घर नहीं लौटा तो उसकी पत्नी और बच्चों ने खोजबीन की। लेकिन कुछ पता नहीं चल पाया।
आस पास के लोग जब डैम के तरफ गये तो देखा कि एक व्यक्ति डैम के पास मृत अवस्था में पड़ा हुआ है। इस घटना की सूचना सलैया थाना की पुलिस को दी गयी। पुलिस ने शव को कब्जे मे लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल औरंगाबाद भेज दिया है। पोस्टमार्टम कराकर शव परिजनों को सौंप दिया गया। मृतक की पत्नी सलैया पंचायत के वार्ड 13 की पंच है। मृतक के दो लड़के व एक लड़की है।