अक्षय तृतीया पर भगवान विष्णु की विशेष आराधना
जम्होर (औरंगाबाद) सदर प्रखंड स्थित जम्होर थानांतर्गत पुनपुन बटाने संगम के तट पर अवस्थित विष्णु धाम परिसर में अक्षय तृतीया के अवसर भगवान विष्णु मंदिर का स्थापना दिवस धूमधाम से मनाया गया। सर्वप्रथम विष्णु धाम मंदिर के महंत बालकानंद ब्रह्मचारी द्वारा भगवान विष्णु एवं परिसर में अवस्थित सभी देवी देवताओं की षोडशोपचार विधि से पूजन अर्चन किया गया। तत्पश्चात परंपरागत प्रसाद स्वरूप पुआ का वितरण ग्रामीणों के बीच किया गया। विष्णु धाम के महंत बालकानंद ब्रह्मचारी ने बताया कि इस धाम में भगवान विष्णु की प्रतिमा की स्थापना आज ही के दिन अक्षय तृतीया तिथि को सैकड़ों वर्ष पूर्व परमहंस संत खाकी बाबा द्वारा स्थापित की गई थी।
जम्होर विकास मंच के संयोजक सह साहित्य संवाद के सचिव सुरेश विद्यार्थी ने बताया कि पुनपुन बटाने संगम तट का स्थल पुनपुन तीर्थ विष्णु धाम मगध के चार धामों में से एक है। पुण्यसलिला मोक्षदायिनी आदि गंगा पुनपुन बटाने संगम तट के पिंड स्थल पर युगों-युगों से गया तीर्थ के पूर्व पिंडदान की परंपरा चली आ रही है। ऐसे में यदि पिंड स्थल के पास भगवान विष्णु विराजमान हो तो उस स्थल की महत्ता और भी बढ़ जाती है। इस स्थल को गया तीर्थ का प्रथम द्वार माना जाता है। स्थापना दिवस के मौके पर चंद्रदेव दास, रामनाथ दास सहित अन्य उपस्थित थे।