(मिथिलेश कुमार)
मगध हेडलाइंस: अंबा (औरंगाबाद)। रविदास मित्र मंडली के तत्वाधान में प्रखंड स्तरीय संत शिरोमणि रविदास जयंती मनाई गई जिसमें मुख्य अतिथि के रूप में क्षेत्रीय विधायक राजेश कुमार ने आश्रम में पूजा अर्चना की। इस दौरान विधायक ने संत रैदास के व्यक्तित्व एवं आदर्शो पर चर्चा की और समाज को एकजुट करने का संदेश दिया। उन्होंने कहा कि संत रविदास अपने कर्म से महान हुए उसी तरह लोगों को शिक्षा के साथ-साथ अच्छे कर्म करने का प्रयास करना चाहिए। इस अवसर पर विचार गोष्ठी एवं दुगोला का आयोजन किया गया जिसमें संत शिरोमणि रैदास एवं डॉ भीमराव अंबेडकर के जीवनी पर सांस्कृतिक कार्यक्रम पेश की गई। दुगोला में ब्यास अक्षय कंचन एवं व्यास जितेंद्र चंचल के बीच प्रतियोगिता हुई।
तीन दशकों से प्रखंड स्तर पर हो रहा है आयोजन : रैदास जयंती समारोह के अध्यक्ष कुलदीप राम ने बताया कि अंबा में रैदास आश्रम की स्थापना 1993 में की गई थी। स्व. रणधीर राम की अध्यक्षता में आश्रम का निर्माण किया गया था जिसमें जयशंकर प्रसाद, कामदेव राम, अरविंद राम एवं भीखर व्यास ने सक्रिय भूमिका निभाई थी।
संत शिरोमणि रैदास का जीवन परिचय : रैदास मध्य काल के भारतीय संत थें जिन्होंने जात पात के विरोध में काम किया। सतगुरु या जगतगुरु की उपाधि भी दी जाती है। इनका जन्म काशी में माघ पूर्णिमा के दिन संवत 1398 को हुआ था। उनके पिता का नाम संतोख दास तथा माता का नाम कलसां देवी था। रैदास ने साधु संतों की संगति से पर्याप्त व्यवहारिक ज्ञान प्राप्त किया था। संत कबीर दास के कहने पर उन्होंने संत रामानंद जी को गुरु मानकर आध्यात्मिक ज्ञान अर्जित किया। जबकि उनके वास्तविक अध्यात्मिक गुरु कबीर दास ही थें।
वे बहुत ही धार्मिक स्वभाव के भक्तिकालीन संत और महान समाज सुधारक है। उन्होंने भगवान के भक्ति में समर्पित होने के साथ अपने सामाजिक एवं परिवारिक कर्तव्यों का बखूबी निर्वहन किया। इन्होंने लोगों को भेदभाव किए बगैर आपस में प्रेम करने की शिक्षा दी। उनके उपदेशों और शिक्षा से आज भी समाज को मार्गदर्शन मिलता है।
रैदास जयंती पर विधायक ने किया दर्जनों जयंती समारोह का भ्रमण : संत शिरोमणि रैदास की 646 वीं जयंती समारोह के अवसर पर सत्तारूढ़ दल के सचेतक बिहार विधानसभा सह विधायक राजेश कुमार ने दर्जनों गांव का भ्रमण किया। इस दौरान अंबा, बुधन बिगहा, बालूगंज, डुमरी, करमड़ीह, बड़का गांव, संडा, हेमजा, अध्यान खाप, कासिमपुर, परसा, कुरगाइन, सोरी, राहुल नगर, गम्हरिया समेत दर्जनों गांव का भ्रमण किया।
इस दौरान कांग्रेस प्रखंड अध्यक्ष नीलम सिंह, अनुसूचित जाति जिलाध्यक्ष अजय राम, कांग्रेस आईटी सेल के प्रखंड अध्यक्ष अशोक राम, भाकपा माले नेता वीरेंद्र मेहता, अमित मालाकार, विनोद चंद्रवंशी प्रदीप रजक, प्रताप चंद्रवंशी, सुरेश यादव, विजय सिंह चंद्रवंशी, अकबर अली, संतोष मेहता, सतेंद्र राम, पैक्स अध्यक्ष सत्येंद्र यादव आदि लोग उपस्थित थे।