औरंगाबाद। अगहनी धान फसल कटनी प्रयोग का निरीक्षण आज सदर प्रखंड औरंगाबाद अंतर्गत पड़रावा पंचायत के जोकहरी गांव में बिहार राज्य फसल सहायता योजना अंतर्गत धान फसल कटनी प्रयोग संपादित किया गया जिसका निरीक्षण जिला के जिला पदाधिकारी सौरभ जोरवाल द्वारा किया गया। इस दौरान किसान भावेश चौबे के खेत मे फसल कटनी प्रयोग का शुभारंभ किया गया। फसल कटनी प्रयोग का पंचायत किसान सलाहकार शांति कुमारी द्वारा संपादित किया गया। 10 गुने 5 मीटर 50 वर्ग मीटर में फसल काटने के उपरांत हरा दाना का वजन 37 किलो 685 ग्राम प्राप्त हुआ। बिहार राज्य फसल सहायता योजना अंतर्गत फसल कटनी प्रयोग योजना एवं विकास विभाग के अर्थ एवं सांख्यिकी निदेशालय के तत्वधान में किया जाता है।
यह पंचायत स्तर पर प्रति पंचायत कुल 5 प्रयोग किए जाते हैं, इस प्रकार औरंगाबाद जिले के सभी अंचलों में कुल 1015 प्रयोग आयोजित है। जिला सांख्यिकी कार्यालय औरंगाबाद द्वारा उपलब्ध कराई गई सम संभावित संख्या के आधार पर प्राप्त राजस्व ग्राम के खेसरा संख्या में ही निर्धारित मानक के अनुसार 10 गुने 5 मीटर अर्थात 50 वर्ग मीटर में कटनी प्रयोग किए जाते हैं। इन्हीं प्रयोगों के आधार पर राज्य स्तर पर उपज दर का आकलन किया जाता है। इस दौरान जिला पदाधिकारी द्वारा प्राथमिक विद्यालय जोकहरी का भी निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने बच्चों से पूछताछ की एवं विद्यालय में बने मध्याह्न भोजन का भी निरीक्षण किया। इस अवसर पर जिला कृषि पदाधिकारी रणवीर सिंह, जिला सांख्यिकी पदाधिकारी सतीश कुमार, प्रखंड विकास पदाधिकारी रविराज, अवर सांख्यिकी पदाधिकारी बृजेंद्र कुमार सिंह, अभय कुमार सिंह, धर्मेंद्र कुमार सिंह, प्रखंड सांख्यिकी पदाधिकारी जितेन्द्र कुमार जनप्रतिनिधि एवं ग्रामीण जनता उपस्थित थे।