
औरंगाबाद। सदर प्रखंड स्थित अधिवक्ता संघ भवन औरंगाबाद के प्रांगण में ज़िले की महत्वपूर्ण सामाजिक संस्था जनेश्वर विकास केंद्र की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता केंद्रीय अध्यक्ष रामजी सिंह ने किया। जबकि संचालन मीडिया प्रभारी सुरेश विद्यार्थी ने किया। बैठक में सदस्यों ने आपसी विचार समंवय किया एवं स्वतंत्रता सेनानी औरंगाबाद जिले के धरती के लाल कुमार बद्री नारायण सिंह की 66 वीं पुण्यतिथि मनाने का निर्णय लिया गया। संस्था के केंद्रीय सचिव सिद्धेश्वर विद्यार्थी ने कहा कि औरंगाबाद ज़िले के कर्मा भगवान निवासी कुमार बद्री नारायण सिंह एक महान स्वतंत्रता सेनानी थे। आजादी की लड़ाई में उनकी सराहनीय भूमिका रही थी। उन्होंने भारत माता के अमर सपूत, आजाद हिंद फौज के संस्थापक नेताजी सुभाष चंद्र बोस को औरंगाबाद की धरती पर लाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई थी और औरंगाबाद के दाउदनगर अवस्थित चौरम में एक राजनीतिक सम्मेलन में उनका आगमन हुआ था। इतने महान स्वतंत्रता सेनानी होने के बावजूद भी जिला मुख्यालय में इनका कोई भी स्मृति स्थल नहीं है। सदस्यों ने मांग किया कि कर्मा रोड मोड़ पर या बद्रीनारायण मार्केट के प्रांगण में उनकी मूर्ति स्थापना किया जाए। इस दौरान अध्यक्ष शिव नारायण सिंह, अधिवक्ता संघ के अध्यक्ष संजय कुमार सिंह, अधिवक्ता कमलेश कुमार सिंह, साहित्य संवाद के संयोजक अनिल कुमार सिंह, डॉक्टर संजीव रंजन, समाजसेवी सुरेंद्र कुमार सिंह सहित अन्य उपस्थित थे।