
– डी के यादव
कोंच प्रखंड में नवनिर्वाचित पंचायत प्रतिनिधियों को दूसरे दिन शपथ दिलाई गई
कोंच। प्रखंड में नवनिर्वाचित प्रतिनिधियों को शपथ दिलाने तथा उप मुखिया व उप सरपंच के चुनाव की प्रक्रिया दूसरे दिन रविवार को सुबह 11 बजे से प्रखंड विकास पदाधिकारी प्रदीप कुमार चौधरी की अध्यक्षता में शुरू हुई। दूसरे दिन गौहरपुर और खजुरी पंचायत के प्रतिनिधियों को शपथ दिलाई गई। शपथ लेने वालों में मुखिया शिव कुमार चौहान (गौहरपुर पंचायत) , मुखिया रेणु शर्मा (खजुरी पंचायत) सरपंच राम नरेश राम (गौहरपुर पंचायत) , सरपंच सोनम कुमारी (खजुरी पंचायत) , वार्ड सदस्य तथा पंच शामिल थे। प्रतिनिधियों को पद व गोपनीयता तथा शराब का सेवन न करने व दूसरों को इसके लिए प्रेरित करने की शपथ दिलाई गई। उसके बाद उप मुखिया व उप सरपंच का चुनाव हुआ। गौहरपुर पंचायत से गुड़िया देवी उप मुखिया तथा खजूरी पंचायत से कुंदन शर्मा उप मुखिया चुने गए। वहीं, गौहरपुर पंचायत से कांति देवी उप सरपंच तथा खजुरी पंचायत से रविन्द्र कुमार शर्मा उप सरपंच चुने गए।गौहरपुर पंचायत से उप मुखिया के लिए दो उम्मीदवार गुड़िया देवी तथा रामती देवी ने नामांकन दाखिल किया जिसमें रामती देवी ने बिना समर्थक के नामांकन दाखिल किया था। जिसके कारण रामती का नामांकन को रद्द कर दिया गया और गुड़िया कुमारी (महेश यादव) निर्विरोध जीत गईं।वहीं, खजुरी पंचायत से उप मुखिया पद के लिए कुंदन शर्मा तथा मो महफूज अंसारी ने नामांकन दाखिल किया। जिसमें कुंदन को 8 तथा महफूज को 6 मत प्राप्त हुए और एक मत अवैध पाया गया। इधर , गौहरपुर पंचायत से उप सरपंच के लिए कांति देवी तथा सरिता देवी ने नामांकन दाखिल किया। जिसमें कांति को 8 तथा सरिता को 6 एवं एक मत अवैध पाया गया।गौरतलब हो कि गौहरपुर पंचायत से शिव कुमार चौहान 2006 में पंचायत समिति सदस्य के रूप में शपथ ग्रहण किए थे। इसके बाद 2011 में पुनः पंचायत समिति पद पर जीत हासिल किया और कोंच ब्लॉक के प्रखंड प्रमुख पद पर जीत हासिल की और बिना अविश्वास प्रस्ताव के पूरे 5 साल पद को चलाया। इसके बाद वे 2016 में गौहरपुर पंचायत से मुखिया पद से चुनाव जीतकर मुखिया संघ के अध्यक्ष भी चुने गए और इसबार 2021 में रिकॉर्ड तोड़ मत से जनता ने पुनः मुखिया बनाया। वहीं, खजुरी पंचायत से मुखिया पद के लिए रेणु शर्मा (राम विजय विश्वकर्मा) ने पहली बार जीतने के बाद शपथ ग्रहण की। मौके पर जिला से आये प्रेक्षक सहायक निदेशक सामाजिक सुरक्षा गया द्विवेश शर्मा, प्रखंड विकास पदाधिकारी प्रदीप कुमार चौधरी , अनिल कुमार (पंचायत सचिव) , हरे कृष्ण , मुन्ना अंसारी , रामजय सिंह सहित सभी कार्य पालक सहायक उपस्थित थे।