मगध हेडलाइंस: औरंगाबाद। देश की एकता अखंडता पर बल देते हुए झारखंड सरकार के पूर्व मंत्री व कांग्रेस नेता कृष्णानंद त्रिपाठी ने कहा कि वक्त आ चुका है कि लोग एकजुट हो। यह बात उन्होंने शहर के दानी बिगहा स्थित सर्किट हाउस में प्रेस को संबोधित करते हुए कहीं। उन्होंने कहा कि मगध फाउंडेशन का गठन देश की एकता अखंडता को कायम करने के लिए किया गया है। एक समय था जब मगध साम्राज्य की सीमा अफगानिस्तान तक फैली हुई थी जितना मगध साम्राज्य का दायरा था।
आज उतना में कई देश बसे हुए हैं। मगध के इसी धरती से पूरे देश पर शासन चलता था। एक सूत्र में पूरा देश बंधा हुआ था जिसे कायम करने के लिए ही मगध फाउंडेशन का गठन किया गया है। जिसका विस्तार किया जा रहा है। सभी राज्यों के जिलों में कमेटी का गठन किया जा रहा है। लोग इससे जुड़ रहे हैं। आज देश को जाति व भाषा के आधार पर विभाजन करने का प्रयास किया जा रहा है जिसे समाप्त करने के लिए मगध फाउंडेशन के तत्वाधान सामाजिक आंदोलन चलाया जा रहा है।
पूर्व मंत्री ने कहा कि हम लोगों से अपील करना चाहते हैं कि ज्यादा से ज्यादा लोग इससे जुड़े। फाउंडेशन को फंड प्राप्त होने के सवाल पर पूर्व मंत्री ने कहा कि फाउंडेशन में जुड़े लोगों के कंट्रीब्यूशन से फंड उपलब्ध होता है। वहीं बड़ी कंपनियों से संपर्क कर सीएसआर का फंड भी लाने की कोशिश की जाएगी। उक्त फंड से स्वास्थ्य व शिक्षा के क्षेत्र में काम किया जाएगा।
विधानसभा घेराव के दौरान भाजपा नेताओं पर लाठीचार्ज व कार्यकर्ता की माैत पर अपनी प्रतिक्रिया देते हुए पूर्व मंत्री ने कहा कि इस बारे में हमें ज्यादा जानकारी नहीं है, लेकिन अगर पुलिस की लाठी से किसी की मौत होती है तो यह निंदनीय है। प्रेस वार्ता में कांग्रेस जिलाध्यक्ष राकेश कुमार सिंह उर्फ पप्पू, मगध फाउंडेशन के जिला प्रभारी उमेश तिवारी, शैलेन्द्र पांडेय, मीडिया सेल अध्यक्ष रवि सिंह राजपुत, भोला सिंह, मनोज सिंह, एनएसयूआई जिलाध्यक्ष भीम चौहान समेत अन्य मौजूद रहे।