औरंगाबाद। स्नान के दौरान एक युवक की देव थाना क्षेत्र के देव सूर्य कुंड तालाब में गुरुवार की शाम डूबने से मौत हो गई। हालांकि अब तक उसका शव तालाब से बरामद नहीं किया गया है। मृतक देव थाना क्षेत्र के बरहेता गांव निवासी सीताराम रिकियासन के 30 वर्षीय पुत्र उपेंद्र रिकियासन था। वहीं इस घटना के बाद स्थानीय प्रशासन एवं पटना से आए गोताखोरों द्वारा खोजबीन की जा रही हैं।
प्राप्त जानकारी के अनुसार उपेंद्र अपने सगे संबंधियों के शादी समारोह में शामिल होने के लिए देव धाम आया हुआ था। तभी वह शादी समारोह के दौरान अपना काम निपटा कर देव सूर्य कुंड तालाब में अपने कपड़े उतार स्नान करने लगा। लेकिन वह तालाब से बाहर नहीं निकल पाया।
काफी देर बीत जाने के बाद लोगों ने उसकी खोजबीन शुरू की तो, देखा कि तालाब के सीढ़ी पर उसका कपड़े रखें हुए है। इसके बाद परिजनों को समझते देर नहीं लगी और खुशी का माहौल मातम में तब्दील हो गया। इस घटना की सूचना स्थानीय पुलिस को दी गई जिसके आलोक में पहुंची पुलिस शव की खोजबीन में जुट गई। हालांकि तालाब में पानी अधिक होने के कारण अब तक शव नहीं मिला हैं।
थानाध्यक्ष मनोज कुमार पांडे ने बताया कि उक्त तालाब में स्नान के दौरान एक युवक के मौत की खबर मिला जिसके आलोक में घटना स्थल पर पहुंचा और शव की खोजबीन जारी हैं। वहीं जानकारी के मुताबिक मृतक के दो छोटे छोटे पुत्र हैं। उसके परिजनों को देव सूर्य कुंड तालाब के पास रैन बसेरा में ठहराया गया है और शव की खोजबीन की जा रही है।