(मिथिलेश कुमार)
कुटुंबा (औरंगाबाद)। विद्युत के शॉर्ट सर्किट से निकली चिंगारी से क़रीब आठ बीघा की पुआल पूंज जलकर खाक हो गया। यह घटना शुक्रवार की देर शाम करीब 8:30 बजे बैरांव पंचायत अंतर्गत बभंड़ीह गांव की है। पीड़ित किसान सुधीर राम ने बताया कि अचानक पुआल से उठती आग की लपटों को देखकर मदद के लिए शोर मचाने लगे।
शोरगुल सुनकर ग्रामीण मदद के लिए दौड़े और आग पर काबू पाने का काफी प्रयास किया। लेकिन स्थिति बेकाबू होता देख रिसियप थाने को सूचना दी गई। सूचना के आलोक में थानाध्यक्ष आशुतोष कुमार अग्निशमन वाहन के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। वहीं दमकल कर्मियों ने आग को बुझाने का प्रयास किया।
हालांकि इस दौरान आग काफ़ी तेजी से फैल रही थी। घटनास्थल के आसपास अन्य किसानों के भी पुआल रखे हुए थे जिसमें आग लगने की संभावना बनी हुई थी। मौजूदा हालात की गंभीरता को देखते हुए थानाध्यक्ष ने अग्निशमन विभाग को सूचना देकर बड़ा दमकल मंगवाया। दमकल कर्मियों ने काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। अग्नि पीड़ित सुधीर राम ने बताया कि इस आगलगी से मवेशियों के चारे के लिए चारे की संकट उत्पन्न हो जाएंगी।
वहीं बेच कर भरण-पोषण के लिए सहारा हो जाता था। लेकिन इस आगलगी में क़रीब 24000 रुपयों का नुकसान हुआ है। उन्होंने आपदा राहत के तहत ज़िला प्रशासन से मदद की गुहार लगाई है।