औरंगाबाद। (मदनपुर) टूट कर गिरे हाई वोल्टेज के विद्युत तार की चपेट में आकर एक मजदूर की मौत हो गई। यह मामला मदनपुर थाना क्षेत्र के अंजनवां टोले बलमंत बिगहा की है। जहां शुक्रवार को एक खेत में ग्यारह हजार वोल्ट का तार टुट कर गिरा हुआ था जिसकी चपेट में मजदूर की मौत हो गई। मृतक की पहचान उस गांव निवासी स्व. मालिक चंद्र रिकियासन के 40 वर्षीय पुत्र दिलचन भुइयां के रूप में की गई है।
बताया जाता है कि मृतक किसी काम से खेत की ओर गया हुआ था तभी वह अचानक विद्युत तार की संपर्क में आ गया। जब तक परिजनों के द्वारा बचाव कार्य किया गया तब तक काफ़ी देर हो चुकी थी। हालांकि इस दौरान युवक को जिंदा समझकर उसे सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लाया गया। जहां जांच के उपरांत चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। वहीं इस घटना के बाद से परिजनों में मातम पसरा हुआ है।
प्राप्त जानकारी के मुताबिक मृतक के पुत्री की शादी चिन्तावन कोठा में तय थी। हाल ही में उसकी शादी होने वाली थी। लेकिन अपने पुत्री की हाथ पीला करने से पहले वह इस हादसे का शिकार हो गया। इधर पत्नी रीता देवी एवं मां लक्ष्मीनिया देवी सहित अन्य परिजनों का रो-रो कर बुरा हाल है। मृतक अपने पिछे चार पुत्री एवं एक पुत्र को छोड़ गया। घटना की जानकारी मिलते ही पंचायत के मुखिया विवेक कुमार उर्फ बाबू, बलवंत कुमार समेत अन्य लोग अस्पताल पहुंचें और यथा संभव मदद का आश्वासन दिया। इधर घटना की सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल औरंगाबाद भेज दिया गया। वहीं पोस्टमार्टम के उपरांत शव परिजनों को सौंप दिया गया।