औरंगाबाद। डीएम सौरभ जोरवाल की अध्यक्षता में समाहरणालय सभाकक्ष में आगामी दुर्गा पूजा पर्व के मद्देनजर जिलास्तरीय शांति समिति 5 बैठक का आयोजन किया गया। डीएम ने आगामी 5 अक्टूबर को मनाए जाने वाले दशहरा पर्व के दौरान शांति, भाईचारा व विधि-व्यवस्था को बनाए रखने के लिए इस बैठक में उपस्थित दोनों समुदाय के गणमान्य लोगों से सहयोग की अपील की।
जिला पदाधिकारी द्वारा निर्देश दिया गया कि सभी प्रतिनियुक्त दंडाधिकारी एवं पुलिस पदाधिकारी अपने अपने क्षेत्रों का भ्रमण कर हर बिंदु पर आकलन कर लेंगे ताकि समय रहते कमियों को दूर किया जा सके।एसपी कांतेश कुमार मिश्रा ने कहा कि दुर्गा पूजा के दौरान आपसी सामाजिक सौहार्द कायम रखने की जरूरत है। इस दौरान जिला प्रशासन द्वारा शरारती तत्वों पर कड़ी नजर रखी जायेगी। साथ ही सोशल मीडिया पर भी कड़ी निगरानी रखी जाएगी। आप सभी को किसी भी प्रकार की घटना होने पर अविलंब प्रशासन को सूचित करना है।
सदर अनुमंडल पदाधिकारी, विजयंत कुमार ने बताया कि सरकार एवं जिला प्रशासन द्वारा दिए गए निर्देशों का शत प्रतिशत पालन किया जाय। दुर्गा पूजा के पंडाल एवं विसर्जन के लिए लाइसेंस का होना अनिवार्य है। रावण दहन में भी सुरक्षा के सभी मानकों का पालन करना अनिवार्य होगा। पूजा समिति द्वारा ज्यादा से ज्यादा संख्या में स्वयं सेवकों को रखा जाए। एसडीपीओ गौतम शरण ओमी एवं एसडीपीओ दाउदनगर ने दुर्गा पूजा पर्व के दौरान विधि व्यवस्था की तैयारियों की जानकारी बैठक में उपस्थित लोगों को दी।
दुर्गा पूजा का पर्व शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हो इस पर बैठक में उपस्थित लोगों ने पुलिस गश्ती करने तथा असामाजिक तत्वों पर निगरानी रखने सहित कई सुझाव भी दिए।
इस अवसर पर अपर समाहर्ता आशीष कुमार सिन्हा, सहायक समाहर्ता शुभम कुमार, सदर अनुमंडल पदाधिकारी, विजयंत कुमार, दाउदनगर अनुमंडल पदाधिकारी अनुपम सिंह, एसडीपीओ सदर गौतम शरण ओमी सहित दोनों समुदाय के लोग उपस्थित थे