डॉ ओमप्रकाश कुमार
दाउदनगर ( औरंगाबाद) एन एच 139 स्थित दाउदनगर- पटना मुख्य पथ पर नीमा फिल्ड के पास ट्रैक्टर के धक्के से 67 वर्षीय बुजुर्ग मधेश्वर यादव की मौत हो गयी। मृतक जमुआंवा लगन बीघा गांव के निवासी बताये जाते हैं। घटना के संबंध में प्राप्त जानकारी के अनुसार, शनिवार की सुबह वे पैदल एक शादी समारोह से लौटकर अपने घर जा रहे थे। उसी दौरान विपरीत दिशा से आ रहे तेज व अनियंत्रित गति से ट्रैक्टर ने उन्हें धक्का मार दिया और घटनास्थल पर ही मौत हो गयी। बताया जाता है कि वे तरारी में किसी बारात में शामिल होने के बाद शनिवार की सुबह पैदल ही अपने घर जा रहे थे। इसी क्रम में यह दुर्घटना घटी। दुर्घटना में बुजुर्ग की मौत के बाद मुआवजे की मांग को लेकर ग्रामीणों द्वारा सड़क को जाम कर दिया गया।
करीब दो घंटे तक सड़क जाम रहा। ग्रामीणों की मांग थी कि मृतक के आश्रितों को तत्काल मुआवजा दिया जाये। प्रखंड प्रमुख विनोद कुमार यादव,राजस्व पदाधिकारी मनोज कुमार गुप्ता, संसा मुखिया प्रतिनिधि ई. विकास कुमार, संसा पैक्स अध्यक्ष योगेंद्र यादव, अंकोढ़ा पंचायत के मुखिया प्रतिनिधि प्रवीण कुमार एवं दाउदनगर सब इंस्पेक्टर राजा राम सिंह, पीएसआई अंजली कुमारी ने काफी मशक्कत के बाद समझा-बुझाकर जाम को हटवाया। थानाध्यक्ष गुफरान अली ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम कराने के बाद मृतक के परिवार को सौंप दिया गया है।