मगध हेडलाइंस: औरंगाबाद। ट्रैक्टर की टक्कर से 14 वर्षीय एक किशोर की दर्दनाक मौत हो गई। वह घर का इकलौता पुत्र था। यह मामला सदर प्रखंड के मुफ्फसिल थाना क्षेत्र के यारी टोले टिकरी बिगहा की है। जहां रविवार की सुबह तेज रफ्तार ट्रैक्टर की टक्कर से किशोर की दर्दनाक मौत हो गयी।
मृतक की पहचान बिनोद यादव के पुत्र श्रीकांत कुमार के रूप में हुई है। इस हादसे में घर का इकलौता चिराग बुझ गया। प्राप्त जानकारी के अनुसार किशोर सुबह अपने गांव के ही तालाब तरफ टहलने गया हुआ था। जबकि उस गांव में सड़क का निर्माण कराया जा रहा था। इसी क्रम में एक बेलगाम अनियंत्रित ट्रैक्टर ने किशोर को रौंद दिया जिससे घटनास्थल पर ही किशोर की मौत हो गयी। इसके बाद घटनास्थल पर ग्रामीणों की भीड़ इकट्ठा हो गयी। तभी मौके से चालक ट्रैक्टर छोड़कर फरार हो गया।
घटना के बाद आक्रोशित परिजनों ने सड़क जाम कर घंटों प्रदर्शन किया। इस दौरान आवागमन पूरी तरह से बाधित रहा। इस दौरान घटना की सूचना मुफ्फसिल थाना की पुलिस को दी गयी। सूचना पर पहुंची मुफ्फसिल थाना की पुलिस एवं जिला पार्षद अनिल यादव ने प्रदर्शनकारियों को समझा बुझाकर मामला शांत करवाया। इसके बाद मुफ्फसिल थाना की पुलिस शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के उपरांत शव परिजनों को सौप दिया गया। घटना के बाद से परिवार वालों का रो-रोकर बुरा हाल है तो वहीं गांव में मातम पसरा हुआ है। इस घटना के संबध में थानाध्यक्ष राजेश कुमार ने बताया कि सड़क दुर्घटना में एक किशोर की मौत हुई है। शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौप दिया गया है। मामले की आगे की कार्रवाई की जा रही है।