मगध हेडलाइंस: औरंगाबाद। रविवार को सड़क हादसे में एक साइकिल सवार किशोर की मौके पर दर्दनाक मौत हो गयी। यह घटना औरंगाबाद-हरिहरगंज मुख्य पथ एनएच -139 स्थित अंबा थाना क्षेत्र के परसावां मोड़ की हैं। जहां साइकिल से सड़क पार करने के दौरान यात्रियों से भरी एक तेज रफ्तार बस ने किशोर को रौंद दिया जिसमें किशोर की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। मृतक किशोर की पहचान गया जिले के छकरबन्धा थाना क्षेत्र के तार चूमा गांव निवासी कामेश्वर सिंह भोगता के 17 वर्षीय पुत्र रंजन कुमार के रूप में कि गयी है। इस घटना के बाद परिजनों में मातम पसरा हुआ है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार किशोर अंबा थाना क्षेत्र के एक होटल में रहकर मजदूरी का कार्य करता था। किशोर के गांव कुछ अन्य लड़के अगल-बगल की होटल में काम करते थे। होली में किशोर को अपने दोस्तों के साथ घर जाना था जिसको लेकर किशोर साइकिल से अपने दोस्तों के पास गया हुआ था और उन्हें कुछ पैसे देकर होटल लौट रहा था। लेकिन जैसे ही वह परसावां के समीप सड़क पार कर रहा था तभी बस ने उसे रौंद दिया जिसमें उसकी घटनास्थल पर ही मौत हो गई।
वहीं इस घटना के बाद इसकी सूचना परिजनों को दी गई जिसके बाद आनन-फानन में परिजन घटना स्थल पर पहुंचे। जहां आक्रोशित ग्रामीणों के साथ परिजनों ने मुआवजे के लिए घंटो सड़क जाम कर दिया। इस क्रम में करीब पांच घंटे तक भीषण जाम लगा रहा। यातायात पूर तरह प्रभावित रहा।
इसकी सूचना अंबा थाना को दी गई। सूचना मिलते ही अंबा थानाध्यक्ष रमेश प्रसाद एवं कुटुंबा थानाध्यक्ष बलवंत सिंह पुलिस बलों के साथ घटनास्थल पर पहुंचे और आक्रोशितों को समझा-बुझाकर वहां से जाम हटाया तथा शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल औरंगाबाद भेज दिया। जहां पोस्टमार्टम के उपरांत शव परिजनों को सौंप दिया गया। इस घटना के बाद से परिवार वालों को रो-रोकर बुरा हाल है तो वहीं आसपास मातम पसरा हुआ है। लोगों ने बताया कि परिवार चलाने वाला चिराग बुझ गया।