मगध हेडलाइंस: औरंगाबाद। शादी समारोह में शामिल होने जा रहे दो बाइक सवार युवक को अचानक एक अज्ञात वाहन ने टक्कर मार दिया जिसमें दोनों नहर में जा गिरे और गंभीर रूप से घायल हो गए। साथ ही पानी में डूबने से दोनों की मौके पर मौत हो गई। यह घटना बुधवार की देर रात्रि की है।
यह मामला नबीनगर थाना क्षेत्र के सिचाई कॉलोनी स्थित बारा गांव के समीप की है। मृतक की पहचान झारखंड राज्य के पलामू जिला के हुसैनाबाद थाना क्षेत्र के बनिया डिब्राहि पंचायत अंतर्गत खरडीहा गांव निवासी दूधेश्वर सिंह के 36 वर्षीय पुत्र राजेश कुमार एवं स्व. देवनारायण सिंह के 30 वर्षीय पुत्र हरेंद्र कुमार सिंह के रूप में की गई है। इस घटना के बाद से परिजनों में मातम पसरा हुआ है।
सूत्रों से मिली जानकारी के मुताबिक दोनों युवक अपने गांव से बाइक पर सवार होकर नबीनगर थाना क्षेत्र के पीढी गांव में शादी समारोह में शामिल होने के लिए निकले थे। हालांकि इस दौरान सभी बाराती आगे निकल गए थे। लेकिन जैसे ही ये दोनों सिचाई कॉलोनी स्थित बारा गांव के समीप पहुंचे की अचानक एक अज्ञात वाहन ने टक्कर मार दी जिसके कारण दोनो सड़क हादसे का शिकार हो गए और नहर में जा गिरे। जहां पानी में डूबने से दोनों की मौत हो गयी।
इस घटना के बाद हालांकि बाइक की इंडिकेटर जल रहा था जिसे आसपास के लोगों ने देखा तो पुलिस को सूचना दी जिसके आलोक में पहुंची पुलिस ने दोनों के शव को नहर से बाहर निकाला और पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल औरंगाबाद भेज दिया गया। जहां से गुरुवार की सुबह पोस्टमार्टम के उपरांत शव परिजनों को सौंप दिया गया। इस घटना के बाद से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है तो वहीं गांव में मातम पसरा हुआ है। मृतक के परिजनों ने सरकार से आपदा राहत के तहत मुआवजे की मांग की है।