
मगध हेडलाइंस: औरंगाबाद। संदिग्ध परिस्थितियों में एक विवाहिता की मौत का मामला सामने आया है। घटना मुफस्सिल थाना क्षेत्र के बहुआरा गांव की हैं। पुलिस मामले की तहकीकात में जुट गई है। मृतका के मायके वालों ने दहेज हत्या का आरोप लगाया है जिसमें तीन लोगों को नामजद आरोपी बनाया गया है। मृतका की पहचान उस गांव निवासी अमित राम की पत्नी रिंकी देवी के रूप में हुई है। मृतका के पिता दाउदनगर थाना क्षेत्र के पसमा गांव निवासी मुसाफिर राम के पुत्र अर्जुन राम द्वारा दहेज हत्या का आरोप लगाते हुए थाना में आवेदन समर्पित किया है जिसमें बताया कि विवाहिता की गला घोट कर हत्या कर दिया गया। उन्होंने बताया कि दो वर्ष पहले अपनी बेटी रिंकी की शादी बहुआरा गांव निवासी फकीरचंद राम के पुत्र अमित राम से हिंदू रीति-रिवाज के साथ ससुराल वालों की सारी डिमांड पूरी करते हुए धूमधाम से शादी की थी। शादी के दौरान दहेज स्वरूप कुछ रूपये भी ससुराल वालों को दिया था। लेकिन शादी के कुछ दिनों तक परिवार में सब कुछ ठीक-ठाक चला। इधर छह महीना पूर्व से ससुराल वालों द्वारा विवाहिता को पांच लाख रूपये दहेज की मांग को लेकर प्रताड़ित किया जाने लगा। दहेज स्वरूप पांच लाख रूपये न देने पर रिंकी के साथ हमेशा मारपीट की जाने लगी। मामले को लेकर कई बार समझौता भी हुआ, लेकिन कोई फायदा नहीं हुआ। 22 दिसंबर यानी रविवार को उसकी बेटी रिंकी अपने पति अमित राम के साथ अपनी मायका पसमा गांव चली गई। इसके बाद 24 दिसंबर यानी मंगलवार की दोपहर वह अपने पति के साथ अपनी ससुराल बहुआरा चली गयी। इसके बाद रिंकी द्वारा फोन से सकुशल ससुराल पहुंचने की जानकारी दी गई।
बुधवार की दोपहर दामाद अमित ने फोन कर बताया कि चापाकल पर गिरने से रिंकी के सिर में गंभीर चोटें लगी है, जिससे उसकी मौत हो गई। रिंकी के मौत की खबर सुनते ही वे बहुआरा गांव पहुंचे तो देखा कि रिंकी के घर में कोई भी परिवार का सदस्य नहीं है और दामाद अमित राम का मोबाइल बंद बता रहा है। पड़ोसियों से पता चला कि सुबह में ही रिंकी का उसके परिजनों द्वारा दाह-संस्कार करा दिया गया है। थानाध्यक्ष अशोक कुमार ने बताया कि बहुआरा गांव में एक विवाहिता की हत्या किए जाने की सूचना मिली है। मृतका के पिता द्वारा आवेदन भी प्राप्त हुआ है। आवेदन के आधार पर मृतका का पति , ससुर व उसकी गोतनी के खिलाफ प्राथमिकी भी दर्ज की गई है। फिलहाल सभी फरार आरोपियों को तलाश की जा रही हैं।







