मिथिलेश कुमार
मगध हेडलाइंस: अम्बा (औरंगाबाद)। समर्पण दिवस के अवसर पर भाजपा मंडल कुटुंबा कार्यसमिति की बैठक शनिवार को दोमुहान स्थित भगवान भास्कर के मंदिर प्रांगण में आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता भाजपा मंडल अध्यक्ष परमेश्वर बैठा ने किया। इस दौरान पंडित दीनदयाल उपाध्याय की पुण्यतिथि मनाई गई। सर्वप्रथम पंडित दीनदयाल उपाध्याय के तैलचित्र पर माल्यार्पण किया गया और उपस्थित लोगों ने वंदे मातरम गीत गाया।
अध्यक्ष परमेश्वर बैठा ने कहा कि पंडित दीनदयाल उपाध्याय के बताए गए सिद्धांतों पर चलकर ही हमारा देश आज विश्व में ऊंचाइयों के शिखर को छू रहा है। वे राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के चिंतक एवं संगठनकर्ता थें। वे भारतीय जनसंघ के अध्यक्ष भी रहे हैं। उन्होंने भारत में सनातन विचारधारा को युगानुकूल रूप से प्रस्तुत करते हुए देश को एकात्म मानववाद नामक विचारधारा दी। मानववाद के सिद्धांत पर आज हमारी पार्टी गरीबों के कल्याण के लिए अनेक योजनाएं चला रही है जिसमें करोड़ों असहायों को आवास, उज्जवला गैस कनेक्शन, आयुष्मान भारत योजना, किसान सम्मान निधि इत्यादि योजनाओं का लाभ मिल रहा है।
वे समावेशित विचारधारा के समर्थक थें जो एक मजबूत और सशक्त भारत चाहते थें। राजनीति के साथ साहित्य में भी उनकी गहरी अभिरुचि थी। उन्होंने हिंदी एवं अंग्रेजी भाषा में कई लेख लिखे हैं।
प्रवक्ता मनोज कुमार सिंह ने कार्यसमिति को संबोधित करते हुए सरल ऐप इंस्टॉल करने एवं डाटा संकलन करने का सुझाव दिया। कार्यक्रम में जिला प्रवक्ता मनोज कुमार सिंह, महामंत्री रामाश्रय सिंह, डॉ. रामलखन विश्वकर्मा, जग नारायण पांडे, अखिलेश सिंह, धीरेंद्र कुमार सिंह, आनंद कुमार सिंह, रोहित कुमार वर्मा, मुखिया प्रतिनिधि जितेंद्र पासवान, सत्येंद्र चौहान, अरविंद सिंह, सुरेश ठाकुर एवं अशोक कुमार रवि आदि दर्जनों लोग उपस्थित हुए।