औरंगाबाद। वर्षो से कार्तिक पूर्णिमा के दिन सदर प्रखंड स्थित जम्होर थानांतर्गत पुनपुन बटाने संगम तट पर धूमधाम से मेला का आयोजन किया जाता रहा हैं। जहां आस्था के साथ लाखों की संख्या में श्रद्धालु स्नान व पूजा अर्चना के लिए पहुंचते हैं जिसमें मंगलवार को बीते रात से ही श्रद्धालुओं का यहां तांता लगा रहा, दूर दराज से पहुंंचे लोगों ने संगम तट पर आस्था की डुबकी लगाने के लिए तत्पर दिखे। सदियों से लगने वाली यह मेला में इस बार लाखों की भीड़ उमड़ पड़ी। स्नान ध्यान करने के पश्चात श्रद्धालुओं ने भगवान विष्णु का दर्शन किया।
साथ ही साथ मंदिर परिसर में अवस्थित अन्य सभी देवी देवताओं की श्रद्धालुओं ने पूजा अर्चना की। विष्णु धाम के महंत बालकानंद ब्रह्मचारी ने बताया कि कार्तिक पूर्णमासी के दिन संगम तट पर स्नान दान का काफ़ी महत्व है, खासकर स्नान ध्यान के बाद यदि भगवान विष्णु संगम तट पर विराजमान हो तो वह पूजा और भी फलदाई है। वहीं इस दौरान मेला में सुरक्षा व्यवस्था खास ख्याल थानाध्यक्ष संजय कुमार के नेतृत्व में सुरक्षा बलों ने अपनी कर्तव्यनिष्ठा बखूबी निभाई। मेला में लाखों की भीड़ के साथ लाखों रूपयों का कारोबार भी हुआ।
इस वर्ष कचरी का व्यापार जोरों पर रहा। उच्च गुणवत्ता की कचरी 600 रूपये प्रति किलो बिक्री हुई। वहीं महिलाओं के लिए मीना बाजार महिलाओं के लिए उपलब्ध था। बच्चों के लिए झूला एवं ब्रेक डांस खास नजारा पेश कर रहा था। कृषक वर्गों ने धान काटने के लिए सामग्रियों को खरीदा। वहीं युवा वर्ग खान पान के दुकान पर डटे रहे। कुल मिलाकर यह मेला व्यापार के लिए भी उपयुक्त है। साथ ही साथ आध्यात्मिक दृष्टिकोण से भी इस स्थल का विशेष महत्व है।