डॉ ओमप्रकाश कुमार
औरंगाबाद। दाउदनगर प्रखंड के तीन पंचायतों के नवनिर्वाचित मुखिया, सरपंच, पंच एवं वार्ड सदस्यों का शपथ ग्रहण प्रखंड कार्यालय के सभाकक्ष में कराया गया। हालांकि सिंदुआर मुखिया पिंटू शर्मा शपथ लेने नहीं पहुंच सके। बीडीओ सह प्रखंड निर्वाची पदाधिकारी योगेंद्र पासवान ने नवनिर्वाचित जनप्रतिनिधियों को पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलायी। इसके बाद नशा मुक्ति का शपथ दिलाया गया। पहले पंचों को शपथ दिलाया गया और उपसरपंच का चुनाव कराया गया। बीडीओ ने बताया कि तरार पंचायत से आठ मत लाकर मो. शकील उप सरपंच बने। रिंकी देवी को दो मत प्राप्त हुये. मनार पंचायत से नौ मत लाकर सिया मणी देवी उपसरपंच बनी। प्रमिला देवी को पांच मत प्राप्त हुये। सिंदुआर पंचायत से 10 मत लाकर विजयंती सिन्हा उपसरपंच बनी। चंद्रावती देवी को चार मत प्राप्त हुये। तरार में सुनील कुमार प्रजापत निर्विरोध उप मुखिया निर्वाचित हुये। मनार पंचायत से विजय प्रसाद और सरस्वती देवी को सात-सात मत मिला। लॉटरी से परिणाम निकाला गया। विजय प्रसाद उप मुखिया निर्वाचित हुये। सिंदुआर पंचायत में आठ मत लाकर कुंती कुमारी उप मुखिया निर्वाचित हुईं. कृष्ण मोहन कुमार को चार मत मिला। एक मत रद्द घोषित किया गया। मुखिया अनुपस्थित रहे। बीडीओ ने बताया कि सिंदुआर पंचायत के मुखिया पिंटू शर्मा द्वारा आवेदन भेजवाया गया है कि उनकी तबीयत अचानक खराब हो गयी है, इसलिए वह शपथ ग्रहण में भाग नहीं ले सकते हैं। इस प्रकार, दाउदनगर प्रखंड के सभी 15 पंचायत का शपथ ग्रहण समारोह संपन्न हो गया। एक मुखिया को छोड़कर 14 मुखिया, 15 सरपंच सभी वार्ड सदस्य एवं पंच ने शपथ ग्रहण कर लिया है।