
मगध हेडलाइंस: औरंगाबाद। गोली मारकर हत्या प्रयास के मामले में दो अभियुक्तों को आज नवीनगर पुलिस द्वारा गिरफ्तार किया गया है। पकड़े गए अभियुक्तों की पहचान टांडवा थाना क्षेत्र के दरमी कला निवासी 21 वर्षीय भोलू कुमार उर्फ अनुराग कुमार सिंह एवं नवीनगर थाना क्षेत्र के रजवरिया खुर्द निवासी 21 वर्षीय सोनू कुमार उर्फ सौरभ कुमार तिवारी के रूप में की गई हैं। तलाशी के क्रम में इनके पास से एक देसी कट्टा और जिंदा कारतूस बरामद किया गया हैं। दरअसल, 31.05.2025 को नवीनगर थानांतर्गत महीप बिगहा मोड़ के पास दीपक कुमार सिंह को पूर्व के विवाद को लेकर दो व्यक्तियों द्वारा जान मारने की नियत से गोली मारकर गंभीर रूप से जख्मी कर दिया गया था। इसके बाद कांड की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक अम्बरीश राहुल के द्वारा अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी संजय कुमार पांडे के नेतृत्व में एक एसआईटी का गठन किया गया।
गठित टीम के द्वारा सीसीटीवी फुटेज के अवलोकन, तकनीकी विश्लेषण एवं आसूचना संकलन के आधार पर कांड में संलिप्त नामजद इन दोनों अभियुक्तों को नवीनगर स्टेशन से गिरफ्तार किया गया। पूछताछ में गिरफ्तार अभियुक्तों ने अपना-अपना अपराध स्वीकार किया हैं। इनके निशानदेही पर रजवरिया टिकर स्थित झाड़ी से घटना में प्रयुक्त एक देसी कट्टा और एक जिंदा कारतूस बरामद किया गया। समाहरणालय स्थित अपने सभाकक्ष में पुलिस अधीक्षक अम्बरीश राहुल ने बताया कि गिरफ्तार अभियुक्तों ने अपने स्वीकारोक्ति बयान में बताया कि पूर्व के विवाद को लेकर हम दोनों पक्षों के बीच मारपीट हुई थी जिसमें सोनू कुमार सिर फट गया था। बदला लेने के उद्देश्य से हम दोनों ने दीपक कुमार सिंह को गोली मारकर जख्मी कर दिया था।
उन्होंने कहा कि इस कांड में संलिप्त अभियुक्तों को स्पीडी ट्रायल के माध्यम सजा दिलाई जाएगी। आवश्यक कार्रवाई के उपरांत दोनों को जेल भेज दिया गया। इस कार्रवाई में मृत्युंजय कुमार उपाध्याय सहित अन्य शस्त्र बल शामिल थे।