
मगध हेडलाइंस: औरंगाबाद। एक बस कंडक्टर के साथ कुछ लोगों ने जमकर मार-पीट कर दी जिसमें कंडक्टर की मौत हो गई। मामला औरंगाबाद जिले के मदनपुर थाना क्षेत्र के कुशहा गांव के समीप एनएच – 19 पर की हैं। मृतक की पहचान थाना क्षेत्र के ही सढैल गांव निवासी स्व. रमाकांत सिंह के 40 वर्षीय पुत्र मंजय कुमार सिंह के रूप में की गई है। घटना को लेकर मृतक के परिजन विजय कुमार ने बताया कि मंजय कई वर्षों से कंडक्टर का काम करते थे, आज सुबह करीब 10:00 बजे के आस-पास जय मां गौरी बस कुशहा गांव के समीप जैसे ही रुकी वैसे ही उस गांव के कुछ लोगों ने उनके साथ हिंसक मारपीट कर दी, जिसमें उनकी मौके पर मौत हो गई। इसके बाद घटना से आक्रोशितों ने शव को सड़क पर रखकर, टायर जला आगजनी की। पुलिस प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की, वहीं आरोपियों की गिरफ्तारी तथा मुआवजे की मांग की। इस दौरान मौके पर गाड़ियों की लंबी कतारें लग गई। हालांकि क़रीब 1:30 बजे किसी तरह जाम हटाया गया। इसके बाद पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी कराई।
बताया जाता है कि मृतक नवीनगर से धनबाद जाने वाली में बस कंडक्टर का काम करता था। हत्या का कारण स्पष्ट नहीं हो पाया है। हालांकि परिजन बस भाड़ा को लेकर विवाद की आशंका जाता रहे हैं। मृतक का दो पुत्री एवं एक पुत्र है। घटना की सूचना पर सदर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी अमित कुमार, मदनपुर थानाध्यक्ष राजेश कुमार, सलैया थानाध्यक्ष रंजन कुमार, देव थाना के एसआई सूरज कुमार मौके पर पहुंचे और सड़क जाम कर रहे आक्रोशितों को समझाने बुझाने का का प्रयास किया। सीडीपीओ अमित कुमार ने बताया कि घटना की जांच-पड़ताल की जा रही हैं, मामले में जो भी दोषी पाए जाएंगे, उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएंगी। इधर, सूचना पर पहुंचे पूर्व सांसद सुशील कुमार सिंह ने घटना की निंदा की है। उन्होंने कहा कि हत्या काफी जघन्य तरीके से किया गया है। इसकी जितनी निंदा की जाए कम है। अपराधी को कठोर से कठोर सजा दिए जाने की मांग की। उन्होंने परिजन के प्रति संवेदना जताई है।






