
डॉ ओमप्रकाश कुमार
दाउदनगर (औरंगाबाद) शहीद ए आजम भगत सिंह सामाजिक विकास संस्थान द्वारा शहीद ए आजम भगत सिंह की जयंती पुराना शहर स्थित अरविंदो मिशन स्कूल में मनायी गयी। कार्यक्रम की शुरुआत शहीद-ए-आजम के सम्मान में दो मिनट का मौन रखकर श्रद्धांजलि देने एवं उनके चित्र पर माल्यार्पण करने के साथ की गयी। कृष्णा प्रसाद चंद्रवंशी के अध्यक्षता एवं सचिव सत्येंद्र कुमार के संचालन में आयोजित इस कार्यक्रम में वक्ताओं ने शहीद ए आजम भगत सिंह के जीवन पर प्रकाश डाला। सचिव ने कहा कि शहीद भगत सिंह के विचार आज भी प्रेरित कर रहे हैं। पूर्व मुख्य पार्षद धर्मेंद्र कुमार ने कहा कि शहीद भगत सिंह ने जिस तरह के समतामूलक देश बनाने का सपना देखा था, वह आजादी के 74 वर्ष बीत जाने के बाद भी नहीं बन सका है। उनके सपनों का हिंदुस्तान बनाने के लिये ईमानदारी से प्रयास करना होगा। संयुक्त सचिव राजकमल कुमार सिंह ने कहा कि शहीद ए आजम भगत सिंह आज भी प्रासंगिक बने हुये हैं। समारोह को सुरेंद्र सिंह, प्रहलाद प्रसाद, संजय कुमार सिंह, सत्येंद्र जायसवाल, बिरजू चौधरी, मीना सिंह मो. कयूम अंसारी, महफूज आरीफ, ममता देवी ,सुषमा सिन्हा, सिंपी कुमारी आदि ने भी संबोधित किया। छात्र-छात्राओं द्वारा सांस्कृतिक कार्यक्रम की प्रस्तुति की गयी।