
डॉ ओमप्रकाश कुमार
औरंगाबाद। दाऊदनगर पुलिस ने एन एच 139 स्थित दाउदनगर- औरंगाबाद मुख्य पथ के तरारी के पास से 481.2 लीटर विदेशी शराब के साथ एक शराब धंधेबाज को गिरफ्तार किया है। शराब धंधेबाज पिकअप चला रहा था, जिसे पुलिस ने गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई दाउदनगर थाना के एएसआई दीपक कुमार सिंह के नेतृत्व में पुलिस द्वारा की गयी। थानाध्यक्ष शशि कुमार राणा ने बताया कि चोकर लदे पिकअप वाहन से 54 कार्टून विदेशी शराब जब्त किया गया, जिसकी कुल मात्रा 481.2 लीटर है। पिकअप चालक को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। पिकअप चालक मनोज कुमार यादव झारखंड के आईइएल गोमिया थाना क्षेत्र अंतर्गत बीडीओ रोड गोमिया शेषबोरा गोमिया का निवासी है, जो गोमिया से शराब की खेप लेकर दाउदनगर होते हुये अरवल जा रहा था। गुप्त सूचना के आधार पर पुलिस ने शराब की खेप को जब्त करते हुये उसे गिरफ्तार कर लिया है। पिकअप चालक ने अपने साथियों के नाम भी पुलिस को बताये हैं, जिसके आधार पर गिरफ्तार व्यक्ति के साथ-साथ कुल चार शराब धंधेबाजों को नामजद आरोपित बनाते हुए दाउदनगर थाना में प्राथमिकी दर्ज की गयी है।
One Comment