
डॉ. ओमप्रकाश कुमार
औरंगाबाद। दाउदनगर थाना के पुलिस ने लॉटरी धंधेबाज होने के आरोप में दो सगे भाइयों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार नूर अहमद और मो. मेराज दाउदनगर शहर के वार्ड संख्या 11 के निवासी बताये जाते हैं, जिनकी तलाश पुलिस द्वारा लंबे समय से की जा रही थी। थानाध्यक्ष शशि कुमार राणा ने बताया कि गुप्त सूचना के आधार पर दोनों को उनके काउंटर के पास से गिरफ्तार किया गया है। करीब 70 हजार रुपए नगद भी जब्त किये गये हैं। नूर अहमद की तलाश पुलिस दाउदनगर थाना कांड संख्या 442/21 तथा मो. मेराज की तलाश दाउदनगर थाना कांड संख्या 151/21 में पुलिस द्वारा की जा रही थी। दोनों फरार चल रहे थे। बताया जाता है कि पिछले कुछ महीनों के दौरान अलग-अलग छापेमारी के क्रम में लॉटरी के टिकट के साथ लॉटरी के कुछ धंधेबाजों को गिरफ्तार किया गया था। उसी मामले में इन दोनों भाइयों का नाम भी सामने आया था. पुलिस सूत्रों ने बताया कि पुलिस को लॉटरी के एक बड़े कारोबारी के आने की सूचना मिली थी, जिसके आधार पर छापेमारी की गयी। हालांकि लॉटरी का बड़ा कारोबारी भागने में सफल रहा। लेकिन दोनों भाई पकड़े गये। हांलाकि, इनके पास से लॉटरी का टिकट नहीं बरामद किया गया है. दोनों को गिरफ्तार करने के बाद पुलिस पूछताछ कर रही है और आगे की कार्रवाई की जा रही है।
One Comment