औरंगाबाद। असामाजिक तत्वों द्वारा हनुमान प्रतिमा तोड़े जाने के बाद नवीनगर में दो समुदायों के बीच तनाव पूर्ण माहौल में शांति व्यवस्था स्थापित करने को लेकर जिला पदाधिकारी सौरभ जोरवाल एवं पुलिस अधीक्षक कांतेश कुमार मिश्रा की उपस्थिति में फ्लैग मार्च किया गया। साथ ही लोगों से शांति की अपील की गई। डीएम-एसपी ने लोगों को सुरक्षित वातावरण का एहसास कराया। वहीं स्पष्ट तौर पर कहा कि असामाजिक तत्वों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएंगी। इस घटना में शामिल किसी को बख्शा नहीं जाएगा।
बताया जाता है कि इस मामले की शुरुआत बुधवार की रात शनिचर बाजार से हुई है। जहां एक दूसरे समुदाय के धर्मस्थल में कार्यक्रम चल रहा था। आरोप है कि रात 10 बजे तक मंदिर में कोई तोड़फोड़ नहीं हुई थी।कार्यक्रम समाप्त होने के बाद निकले लोगों ने ही तोड़फोड़ की है। वहीं दूसरे समुदाय के लोगों ने इससे साफ इनकार किया है। इसी बात को लेकर तनाव बढ़ गया, जिसे लेकर एक पक्ष के लोगों ने विरोध में बाजार की दुकानो को बंद रखकर कार्रवाई की मांग थी। फिलहाल स्थिति नियंत्रण में है। पुलिस इलाके में हर प्रकार की गतिविधियों पर पैनी नजर रख रही है।